बाघों का शिकार करने वाला बावरिया गिरोह सक्रिय, बढ़ाई गश्त

बाघों का शिकार करने वाला बावरिया गिरोह सक्रिय, बढ़ाई गश्त
मेलघाट व्याघ्र प्रकल्प अधिकारी व कर्मी अलर्ट

डिजिटल डेस्क, अमरावती। विदर्भ के चंद्रपुर और गड़चिरोली जिले में बाघों का शिकार करनेवाला एक अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय होने की जानकारी मिली है। मेलघाट व्याघ्र प्रकल्प में बावरिया गिरोह की कथित सक्रियता को लेकर आरक्षित वन क्षेत्र में अलर्ट घोषित कर दिया है। क्षेत्र में वन कर्मचारियों ने पैदल गश्त बढ़ा दी है। व्याघ्र आरक्षित क्षेत्र में संदेहास्पद दिखने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। इस बात की पुष्टि विभागीय वन रक्षक वन्यजीव व संशोधन अधिकारी एम.एन. खैरनार ने की है। हालांकि बावरिया गिरोह के सक्रियता को लेकर मेलघाट व्याघ्र प्रकल्प को अधिकृत रूप से कोई आदेश नहीं दिए हैं। किंतु इससे पूर्व जब बावरिया गिरोह वन अधिकारियों के हाथ लगा उस समय गिरोह मेलघाट टाइगर प्रोजेक्ट क्षेत्र में भी बाघ के शिकार की कुछ घटनाएं सामने आई थीं। जिसके चलते बावरिया गिरोह के सक्रियता को लेकर मेलघाट आरक्षित व्याघ्र क्षेत्र में 4 दिन से पैदल गश्त बढ़ा दी है।

उल्लेखनीय है कि गड़चिरोली जिले के बाघों की शिकार करने के मामले में असम के गुवाहाटी वन विभाग ने बावरिया गिरोह के 3 लोगों को बाघ की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए 16 लोगों को हिरासत में लिया है। उनके पास से बाघ के पंजे, नाखून, शस्त्र व 46 हजार रुपए भी जब्त किए हैं। उसके बाद विदर्भ के ताड़ोबा और मेलघाट व्याघ्र प्रकल्प में बावरिया गिरोह को लेकर आरक्षित क्षेत्र में संदेहास्पद दिखने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ करने के निर्देश दिए हैं।

Created On :   26 July 2023 3:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story