आधी रात को सिविल सर्जन से शिकायत करने पर आया फिजिशियन

आधी रात को सिविल सर्जन से शिकायत करने पर आया फिजिशियन
बुलाने पर भी ऑन कॉल नहीं आते डॉक्टर

डिजिटल डेस्क, अमरावती। जिला अस्पताल की हालत बहुत ही दयनीय है। गंभीर मरीजों के उपचार पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शनिवार की रात सांप काटने (स्नैक बाईट) पर मरीज को जिला अस्पताल की कैजुअल्टी में लाया गया। प्राथमिक उपचार कर ड्यूटी डॉक्टर ने फिजिशियन को बुलाया लेकिन वह नहीं आया। आखिर में ड्यूटी डॉक्टर ने आधी रात को सिविल सर्जन को कॉल (ऑफिशियल पत्र व्यवहार) किया। इसके बाद सिविल सर्जन के फोन करने पर ऑनकॉल डॉक्टर आया और मरीज गंभीर होने के कारण तत्काल उसे अतिदक्षता विभाग (आईसीयू) में भर्ती किया। फिलहाल मरीज की हालत में सुधार है और वह आईसीयू के पलंग नंबर 1 पर भर्ती है।

जानकारी के अनुसार वर्धा जिले की आष्टी तहसील के तलेगांव श्यामजीपंत थाने के गोदावरी निवासी विजय कुरवाडे (45) को रात 10.30 बजे सांप ने काट लिया था। आर्वी के अस्पताल में उपचार करवाने के बाद मरीज की बिगड़ती तबीयत को देखकर अमरावती रेफर कर दिया। मरीज करीब रात 3 बजे जिला अस्पताल की कैजुअल्टी में पहुंचा। ड्यूटी डॉक्टर हरीश कुंडे ने प्राथमिक उपचार के बाद ऑनकॉल फिजिशियन डॉ. चैतन्य बुजरुक को कॉल किया लेकिन वह नहीं आया। आरएमओ को कॉल करने पर रिस्पोंस नहीं मिला तो सिविल सर्जन डॉ. दिलीप सौंदले को कॉल अर्थात ऑफिशियल पत्र लेकर उनके शासकीय निवास पर कर्मचारी भेजा। इसके बाद उन्होंने फिजिशियन को कॉल किया होगा जिससे सुबह 4.30 बजे के बाद डॉ. बुजरुक ने कैजुअल्टी में पहुंचकर मरीज की बिगड़ती हालत को देखी तो उसे तत्काल आईसीयू में रेफर कर दिया।

ऐसे समझें घटनाक्रम

-रात करीब 10.30 विजय कुरवाडे को सांप ने काटा।

-देर रात आर्वी से मरीज अमरावती रेफर कर दिया।

- रात 3 बजे के बाद मरीज देखकर ड्यूटी डॉक्टर ने फिजिशियन को कॉल किया।

- नहीं आने पर सिविल सर्जन को कॉल किया तो डॉ. चैतन्य 4.30 के बाद आए।

-सुबह 5 बजे करीब मरीज आईसीयू में शिफ्ट हुआ लेकिन सुबह 9 बजे तक कोई डॉक्टर देखने नहीं आया।

इनका कहना है

बैठक के चलते बाहर हूं : मैं बैठक के चलते बाहर आया हूं इसलिए अभी बात नहीं कर सकता । -डॉ. दिलीप सौंदले, सिविल सर्जन

मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं

ऑनकॉल डॉक्टर को जिला अस्पताल में रुकना चाहिए इसके लिए सिविल सर्जन को देखना होगा। यह मेरे अधिकार के बाहर है। - डॉ. नरेंद्र सोलंके, आरएमओ

Created On :   5 July 2023 3:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story