- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- बहन के फोन ने बचाई फौजी भाई की जान
बहन के फोन ने बचाई फौजी भाई की जान

डिजिटल डेस्क, दर्यापुर (अमरावती) । किसी बात को लेकर आत्महत्या करने जा रहे भाई की जान बहन ने बचा ली। भाई ने बहन को फोन पर आत्म हत्या करने की बात कही थी। गुजरात निवासी बहन ने तत्काल इसकी सूचना दर्यापुर पुलिस को दी। पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता से सैनिक भाई की जिंदगी बच गई। घटना शहर के शांति नगर इलाके की है। जम्मू कश्मीर में तैनात यह जवान फिलहाल छुट्टी पर आया था। बुधवार को अपने आवास में आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था, बहन को वीडियो कॉल कर इसकी जानकारी दी। बहन की जानकारी पर तत्काल पुलिस के पहुंचने से अनर्थ टल गया। जानकारी के मुताबिक शांति नगर निवासी सागर हरिदास पाटिल (30) जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर तैनात है। कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी पर घर आया था।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर में फांसी लगाने की कोशिश करते हुए गुजरात में रहने वाली अपनी बहन को वीडियो कॉल किया और उसे बताया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। बहन ने दर्यापुर पुलिस से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानेदार संतोष ताले ने पुलिसकर्मी अनिल आडे, पवन पवार, शरद आडे, दिलीप चव्हाण को तुरंत मौके पर भेजा। सागर को पुलिस ने तत्काल नीचे उतारा और प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए अमरावती भेज दिया गया। सागर पाटिल ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल सका है।
थानेदार की तत्परता : गुजरात निवासी सागर पाटिल की बहन द्वारा जानकारी देने पर थानेदार संतोष ताले ने तत्परता दिखाई। जिससे सैनिक की जान बचाने में भूमिका निभाई, इसकी सर्वत्र सराहना की जा रही है। पुलिस अगर थोड़ी भी चूकती , तो अनर्थ से इंकार नहीं किया जा सकता।
Created On :   10 Aug 2023 1:40 PM IST