व्यवस्था: चुनावी बंदोबस्त के लिए चाहिए 1300 होमगार्ड , 541 महिला व पुरुष होमगार्ड हैं उपलब्ध

चुनावी बंदोबस्त के लिए चाहिए 1300 होमगार्ड , 541 महिला व पुरुष होमगार्ड हैं उपलब्ध
  • 821 जवान दूसरे जिले से लाने के प्रयास
  • व्यवस्था संभालने में करते हैं महत्वपूर्ण योगदान
  • पुलिस और एसआरपीएफ जवानों के कंधे से कंधा मिलाकर करते हैं कार्य

डिजिटल डेस्क. अमरावती। चुनाव रहे या कोई बड़ा उत्सव पुलिस को बंदोबस्त के लिए होमगार्ड की जरूरत महसूस होती है। 26 अप्रैल को अमरावती लोकसभा के लिए मतदान कराया जाएगा। इस मतदान में पुलिस और एसआरपीएफ जवानों के कंधे से कंधा मिलाकर बंदोबस्त की कमान संभालेंगे। अमरावती जिले में शहर और ग्रामीण मिलाकर कुल 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 1 हजार 983 और वर्धा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के धामणगांव रेलवे व मोर्शी विधानसभा के 689 मतदान केंद्रों पर बंदोबस्त के लिए 1300 होमगार्ड की मांग की गई है, किंतु वर्तमान में अमरावती में 398 पुरुष और 143 महिला हाेमगार्ड उपलब्ध है। हाेमगार्ड के 700 जवानों की एक टीम नागपुर लोकसभा चुनाव के बंदोबस्त के लिए गई हुई है। अब अमरावती जिले में बंदोबस्त के लिए 822 होमगार्ड बाहरी जिले से मंगवाने पड़ेंगे।

शहर में 750 व ग्रामीण में 550 होमगार्ड

स्थानीय होमगार्ड अधिकारी श्रीराम पिंजरकर के अनुसार शहर में 750 और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 550 होमगार्ड की मांग की गई है। वर्तमान में अमरावती में 398 पुरुष व 143 महिला होमगार्ड तैयार है। लेकिन 143 महिला होमगार्ड में 10 से 15 महिलाएं किसी पारिवारिक कारणों से डयूटी पर तैनात नहीं रह सकती तथा 398 होमगार्ड में से कुछ जवानों को अमरावती जेल, वायरलेस, जीआरपी आदि जगह पर तैनात किया गया है। ऐसे होमगार्ड जवानों की संख्या 70 के करीब है। जिससे करीब 821 होमगार्ड को बाहरी जिले से बंदोबस्त के लिए बुलाना होगा।

नागपुर गए 700 जवान लौटे

पहले चरण में नागपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार 19 अप्रैल को मतदान कराया गया। नागपुर शहर के लिए अमरावती होमगार्ड जिला समादेशक कार्यालय से 700 जवानों को तीन दिन पहले ही बंदोबस्त के लिए रवाना किया गया था। 19 को मतदान के बाद 20 अप्रैल को शाम तक यह सभी जवान अमरावती शहर में दाखिल हो रहे हैं जिन्हें एक दिन विश्राम के बाद सोमवार से अमरावती जिले में बंदोबस्त के लिए तैनात किया जाएगा।


Created On :   20 April 2024 11:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story