- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- संपत्ति कर 18 साल से नहीं बढ़ाया,...
स्पष्टीकरण: संपत्ति कर 18 साल से नहीं बढ़ाया, विकास के लिए जरूरी

डिजिटल डेस्क, अमरावती । संपत्ति कर बढ़ोत्तरी को लेकर लगातार हो रहे विरोध और प्रदर्शन के बाद मनपा आयुक्त देवीदास पवार नेस्पष्टीकरण देते हुए कहा कि संपत्ति कर में 18 साल से बढ़ोत्तरी नहीं हुई थी। शहर के विकास के लिए राजस्व बढ़ाना जरूरी है। संपत्ति कर 5 से 10 गुना नहीं बढ़ाया गया है, यह आरोप गलत हैं। डेढ़ से 2 गुना ही बढ़ाया है।
पहले प्रति वर्गमीटर 135 था जो अब 225 प्रति वर्गमीटर हुआ है। यह बात उन्होंने मनपा मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। साथ ही लेखा-जोखा भी दिया, लेकिन कई सवालों के जवाब टाल गए। बहुत सारे सवालों के जवाब में कानून का हवाला दिया, लेकिन किस कानून के तहत होगा यह नहीं बताया। कर चोरी में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष मदद करने वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही। इस अवसर पर संपत्ति कर विभाग प्रमुख महेश देशमुख प्रमुख रूप से उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि सोमवार को ही कांग्रेस ने मनपा पर संपत्ति कर बढ़ोत्तरी के विरोध में मोर्चा निकाला था।
कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई : कई बड़ी-बड़ी व्यापारिक संपत्ति का संपत्ति कर नाममात्र है, जबकि एक छोटे घर का ज्यादा है , ऐसे में संपत्ति कर चोरी करने में मदद करने वाले कर्मचारियों पर क्या करेंगे ? इस सवाल को पहले मनपा आयुक्त पवार टाल गए, लेकिन बाद में संबंधित कर्मचारियों को नोटिस देकर उन पर अनुशासनहीनता की कार्रवाई का आश्वासन दिया। पर यह नहीं बताया कि कर्मचारियों पर कब तक कार्रवाई हो जाएगी।
Created On :   27 Sept 2023 4:02 PM IST