आग से किसान की फसल कर्ज की राशि समेत 4 लाख रुपए स्वाहा

गृहस्थी का पूरा सामान भी चढ़ा आग की भेंट

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। जिले के गोंडपिपरी तहसील के अड़ेगांव में रहनेवाले किसान अकिल वसंत नागापुरे के मकान में अचानक आग लगी। जिसमें खेती कार्य करने के लिए उठाए गए फसल कर्ज की राशि, मका फसल बेचकर मिली राशि व बचत गुट से लिए कर्ज समेत 4 लाख रुपए की नकद जलकर स्वाहा हो गई। इसके अलावा घर की जीवनावश्यक सामग्री जलकर लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही गोंडपिपरी थाने के थानेदार जीवन राजगुरु ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया। फिलहाल मकान को शार्टसर्किट से आग लगने का प्राथमिक अनुमान जताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित किसान अकिल नागापुरे ने खेती कार्य करने फसल कर्ज उठाया है। साथ ही मका फसल बेचकर मिली राशि व बचत गुट से लिए कर्ज की राशि समेत घर में कुल चार लाख रुपए की नकद रखी थी। सोमवार की रात पूरा परिवार दूसरे कमरे में खाना खाने बैठा था। तभी रसोई घर से आग की लपटे उठने लगी। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण किया। ग्रामीणों ने दौड़कर आग बुझाने का प्रयास किया, लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक घर की सामग्री जलकर खाक हो गई थी। जिसमें अलमारी में रखे चार लाख रुपए की नकद, जिसमें 100 रुपए के 10 बंडल तथा 500 रुपए के 6 बंडल ऐसे कुल 4 लाख रुपए स्वाह हो गए। साथ ही घर में रखा सोना, महत्वपूर्ण दस्तावेज, कपड़े, अनाज, मिर्ची, फर्निचर सभी सामग्री जलकर खाक हो गयी। इस आग में पीड़ित किसान का लगभग 15 लाख रुपए का नुकसान होने की बात कहीं जा रही हैं। इस घटना से पीड़ित किसान परिवार पर मुसिबतों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Created On :   7 Jun 2023 10:23 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story