- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- गर्मी और बाढ़ से निपटने की पहल, मनपा...
Chandrapur News: गर्मी और बाढ़ से निपटने की पहल, मनपा और आगा खान एजेंसी की साझेदारी, टाटा ट्रस्ट भी साथ

- मौसम अनुकूल शहर बनेगा चंद्रपुर
- जलवायु परिवर्तन बड़ी चुनौती
- मनपा और आगा खान एजेंसी की साझेदारी, टाटा ट्रस्ट भी साथ
Chandrapur News. जलवायु परिवर्तन से निपटने चंद्रपुर मनपा ने बड़ा कदम उठाया है। आगा खान एजेंसी फॉर हैबिटेट इंडिया के साथ तीन साल के समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत गर्मी और बाढ़ जैसी समस्याओं के समाधान खोजे जाएंगे। इसमें टाटा ट्रस्ट्स भी सहयोग कर रहा है। जनभागीदारी पर आधारित सतत शहरी विकास के लिए कई गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। सार्वजनिक स्थानों पर जलवायु अनुकूल परिवर्तन के प्रयास किए जाएंगे। इसमें ज्यादा गर्मी या भारी वर्षा के कारण बाढ़ के जोखिम की पहचान करना शामिल है। भीषण गर्मी वाले चंद्रपुर शहर में प्रयोग के तौर पर लगभग 200 घरों में गर्मी कम करने वाले उपाय अपनाए जाएंगे। इन परिणामों का अध्ययन करके व्यापक लोगों तक लाभ पहुंचाया जाएगा।
इसके तहत भू-तापमान, जोखिम मूल्यांकन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का अध्ययन करके आवश्यक उपाय किए जाएंगे। कुछ स्कूलों और मनपा के भवनों में ऊर्जा और जल-बचत उपकरण लगाकर हरित क्षेत्र बढ़ाए जाएंगे। बाढ़ का जोखिम कम करने के लिए निर्णय लेने में सक्षम बनाने हेतु जल प्रवाह, भूजल का अध्ययन किया जाएगा। वर्षा जल संचयन हेतु पेवर ब्लॉक, रिचार्ज कुओं जैसे प्रयोग भी होंगे। नागरिकों को आपदा के दौरान तत्काल सहायता प्रदान करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वर्ष 2016 में स्थापित आगा खान एजेंसी फॉर हैबिटेट इंडिया एक एनजीओ है। यह महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना में कार्यरत है। इस समझौते के अवसर पर उपायुक्त संदीप चिद्रावर, डॉ. नयना उत्तरवार, डॉ. अमोल शेल्के, आगा खान एजेन्सी हैबिटेट इंडिया की सीईओ प्रेरणा लांगा, परियोजना प्रमुख जुबेर शेख, परियोजना प्रबंधक विक्रांत हरनखेड़े, परियोजना समन्वयक हर्षल बारंगे और सामुदायिक प्रेरक अमित नागदिवे, ऋतिक वाल्के, शीतल मगर और योगिता खमनकर उपस्थित थे।
जलवायु परिवर्तन बड़ी चुनौती
विपिन पालीवाल, आयुक्त मनपा के मुताबिक चंद्रपुर की भौगोलिक संरचना के अनुसार हम स्थानीय रूप से प्रासंगिक समाधान करेंगे। हमने लू और बाढ़ की आपदाओं से बचाव की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाया है। जलवायु परिवर्तन बड़ी चुनौती है। चंद्रपुर को इसके प्रति संवेदनशील शहर बनाना जरूरी है।
मौसम अनुकूल शहर बनेगा चंद्रपुर
प्रेरणा लांगा, सीईओ आगा खान एजेंसी फॉर हैबिटेट इंडिया के मुताबिक यह समझौता जलवायु परिवर्तन से निपटने की व्यावहारिक शुरुआत है। हमारा लक्ष्य वैज्ञानिक अध्ययनों और क्षेत्र-आधारित प्रयोग करना है। चंद्रपुर में लू और बाढ़ की चुनौतियों का समाधान करके चंद्रपुर को एक जलवायु-अनुकूल शहर बनाना है।
Created On :   1 Aug 2025 9:12 PM IST