मार्च में ही चंद्रपुर का पारा पहुंचा 41 पार, शहर की सड़कें होने लगीं सुनसान

मार्च में ही चंद्रपुर का पारा पहुंचा 41 पार, शहर की सड़कें होने लगीं सुनसान

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर. मार्च के अंतिम सप्ताह गुरुवार को ही चंद्रपुर जिले का तापमान 41.2 डिसे तक पहुंच गया है। इस वजह से शहर की सड़कें सूनसान हो गई। आगामी 48 घंटे में जिले का तापमान बढ़ने और येलो अलर्ट की चेतावनी प्रादेशिक मौसम विभाग ने दी है। वर्तमान समय को देखते हुए मई महीने में सूर्य का रौद्र रूप देखने को मिलेगा। इसलिए जिला स्वास्थ्य विभाग और जिला अस्पताल ने नागरिकों से उष्माघात से बचाव की अपील की है। ग्रीष्मकाल के दिनों में कभी कभी चंद्रपुर का तापमान देश ही नहीं बल्कि दुनिया में सर्वाधिक दर्ज होता है। आज जिले समेत विदर्भ के अधिकतर जिलों का तापमान 40 डिसे के पार ही रहा है। तेज धूप की वजह से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। इस कारण स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन द्वारा जारी की गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है। जिले की 15 तहसील के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने के लिए एक मेडिकल काॅलेज, जिला अस्पताल, वरोरा, मूल, चिमूर और राजुरा में उपजिला अस्पताल, 9 ग्रामीण अस्पताल और 58 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। साथ ही किसी मरीज को आवश्यकता पड़ने पर रेफरल गाइड लाइन दी गई है, सभी प्रकार की दवा, ट्रांसपोर्टिंग के लिए 102, अथवा 108 क्रमांक पर फोन कर तत्काल सेवा प्राप्त की जा सकती है। प्रादेशिक मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटे में चंद्रपुर जिले का तापमान 2 से 3 डिसे तक बढ़ सकता है जिससे मार्च में ही जिले का तापमान 45 डिसे पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा 29 और 30 मार्च को येलो अलर्ट की चेतावनी दी है। दो दिन में जिले के एक दो स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी की संभावना है। इसलिए नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। गुरुवार को विदर्भ के जिलों का तापमान इस प्रकार रहा है चंद्रपुर 41.2 डिसे, अकोला 42.6, अमरावती 41.6, बुलढाना 40.6, ब्रह्मपुरी 41, गड़चिरोली 38.6, गोंदिया 39.9, नागपुर 40.2, वर्धा 41.5 और यवतमाल का तापमान 41.5 डिसे दर्ज किया है।

गड़चिरोली में फिर बारिश की संभावना

गड़चिरोली में लगातार जारी गर्मी के बीच एक बार फिर नागपुर के मौसम विभाग ने गड़चिरोली जिले में रिमझिम बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिन तक जिलेभर में बारिश हो सकती है। इस कारण शुक्रवार और शनिवार को विभाग ने यलो अलर्ट की घोषणा भी की है। बता दें कि, धूलिवंदन के बाद अब सूरज आग उगलने लगा है। दोपहर होते ही शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है। चिलचिलाती धूप के कारण लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना व्यक्त किये जाने से लोगों ने राहत महसूस की है। लेकिन रबी उत्पादक किसानों के समक्ष एक बार फिर संकट निर्माण हो गया है। मार्च माह में ही गत दिनों लगातार तीन दिनों तक हुई बेमौसम बारिश के कारण धान, मक्का, मिर्च और अन्य प्रकार की फसलों को नुकसान पहुंचा था। अब एक बार फिर 2 दिनों तक बेमौसम बारिश की संभावना व्यक्त किये जाने से किसान संकट में पड़ गए हैं।

Created On :   29 March 2024 12:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story