छिंदवाड़ा: जिले की छह सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी घोषित, सात दिन पहले पार्टी में आई मोनिका अमरवाड़ा से प्रत्याशी घोषित

जिले की छह सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी घोषित, सात दिन पहले पार्टी में आई मोनिका अमरवाड़ा से प्रत्याशी घोषित

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने मंगलवार को प्रदेश में सिंगल नाम मोनिका बट्टी को अमरवाड़ा से प्रत्याशी घोषित किया है। मोनिका सात दिन पहले ही भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से भाजपा में आई थीं। हालांकि ज्वाइनिंग के साथ ही उन्हें अमरवाड़ा से प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चाएं थी, अधिकृत घोषणा अब हुई है। इससे पहले सोमवार को जिले की छिंदवाड़ा, परासिया और जुन्नारदेव विधानसभा सीट से क्रमश: विवेक बंटी साहू, ज्योति डेहरिया और नत्थनशाह को प्रत्याशी घोषित किया था। पहली सूची में पांढुर्ना और सांैसर से प्रत्याशी घोषित किए गए थे। इस तरह जिले की सात में से छह सीटों पर भाजपा प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं। सिर्फ एक चौरई विधानसभा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा शेष रह गई है। इधर कांग्रेस ने अब तक एक भी सीट पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

चौरई का पेंच... राजनीतिक गलियारों में बहस का विषय बना:

भाजपा पिछले चुनाव में जिले की सातों सीट हारी थी। जिसमें छह पर वह प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। जबकि चौरई को होल्ड पर रखा गया है। चौरई में प्रत्याशी घोषित क्यों नहीं किया गया यह चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां से पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे और पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह दावेदार हैं। दोनों के बीच ही पेंच फंसा बताया जा रहा है। भाजपा का ही एक वर्ग इस बात पर भी बल दे रहा है कि यहां से किसी बड़े नेता को भी उतारा जा सकता है।

जानिए... भाजपा का मोनिका पर दांव क्यों:

वर्ष २००३ में परिवर्तन की लहर में भी भाजपा अमरवाड़ा सीट नहीं जीत पाई थी। २००८ मेंं यहां बीजेपी से प्रेमनारायण ठाकुर विधायक बने, २०१३ और २०१८ के चुनाव में भाजपा को तीसरे नंबर पर संतोष करना पड़ा। दोनों बार गोंडवाना प्रत्याशी मनमोहन शाह बट्टी रनरअप रहे। अब भाजपा गोंडवाना नेत्री मोनिका बट्टी के जरिए अमरवाड़ा सीट में अपना गणित मजबूत करना चाह रही है। यही वजह है कि सात दिन पहले पार्टी मेंं शामिल हुई ३३ वर्षीय मोनिका मनमोहन शाह बट्टी पर भाजपा ने दांव खेला है।

Created On :   27 Sep 2023 8:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story