- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- निर्मम हत्याकांड: प्रेमिका के एक्स...
निर्मम हत्याकांड: प्रेमिका के एक्स बॉयफ्रेंड ने की थी हत्या २४ घंटे में जुन्नारदेव पुलिस ने किया खुलासा

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। नेहरू स्टेडियम जुन्नारदेव में स्ट्रीट वेंडर की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने २४ घंटे के अंदर वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसने मृतक को पूर्व प्रेमिका के साथ देखा था, आक्रोश में आकर उसने हत्या की थी।
गौरतलब है कि जुन्नारदेव के वार्ड नम्बर-३ निवासी आशीष पिता स्व.योगेश चौरसिया की हत्या शुक्रवार देर रात नेहरू स्टेडियम में हुई थी। शनिवार सुबह चाकू के हमले से छलनी शव ग्राउंड में देखा गया था। एसपी के निर्देश पर जुन्नारदेव थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा की टीम ने २४ घंटे में आरोपी राकेश उर्फ बाबू यादव (४०) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एसपी ने टीम को १० हजार रुपए के ईनाम की घोषणा की है।
आरोपी ने बताया- ऐसे की थी हत्या
आरोपी राकेश ने बताया कि उसकी पूर्व पे्रमिका के साथ मृतक आशीष चौरसिया की दोस्ती हो गई थी। यही बात उसे खटक रही थी। शुक्रवार रात को जब उसने दोनों को साथ देखा तो गुस्सा भडक़ गया। मृतक ने प्रेमिका को घर छोड़ा, उसी वक्त आरोपी ने आशीष के साथ शराब पार्टी का प्लान बनाया। नेहरू स्टेडियम में शराब पिलाने के बाद धारदार चाकू से उसपर ताबड़तोड़ वार किए। इतना ही नहीं हत्या के बाद वहां की मिट्टी शरीर पर डाली। आरोपी का मानना था कि ऐसा करने से उसकी आत्मा उसे नहीं सताएगी।
प्रेमिका करती थी शौक पूरे, ब्रेकअप के बाद आर्थिक मदद हो गई थी बंद
जांच में सामने आया है कि क्षेत्र की ही एक विधवा महिला सरकारी नौकरी में पदस्थ है। वह पहले आरोपी की प्रेमिका हुआ करती थी, उसकी आर्थिक मदद भी करती थी। कुछ समय पूर्व उसका ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद मृतक से महिला की दोस्ती हो गई। इसी वजह से उसने मृतक को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था।
इनका कहना है
२४ घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आपराधिक प्रवत्ति के इस आरोपी के खिलाफ जुआं, मारपीट के चार अपराध दर्ज हैं। प्रेम प्रसंग और आर्थिक मदद मिलना बंद होने की वजह से हत्या को अंजाम दिया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विनायक वर्मा, एसपी
Created On :   5 Jun 2023 12:35 PM IST












