- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- शेड के बाहर करनी पड़ रही...
Chhindwara News: शेड के बाहर करनी पड़ रही अंत्येष्टि, पातालेश्वर मोक्षधाम में शव जलाने कण्डे तक नहीं

Chhindwara News: निगम प्रबंधन ने बदइंतजामी की सारी हदें पार कर दी है। बयानबाजी तक उलझे निगम के जनप्रतिनिधि मोक्षधाम तक में व्यवस्था बनाने में फेल साबित हुए है। यहां हालात ये हैं कि तय समय पर शेड निर्माण नहीं होने की वजह से शवों की शेड से बाहर अंत्येष्टि परिजनों को करनी पड़ रही है। अपने परिचितों को शव जलाने परिजनों को कंडे तक नहीं मिल पा रहा है। शुक्रवार को अंत्येष्टि लेकर पहुंचे परिजनों को पर्याप्त कंडे नहीं मिल पाने के कारण आधा-आधा घंटे का इंतजार करना पड़ा।
पिछले दिनों पातालेश्वर मोक्षधाम का एक शेड गिर जाने के कारण निगम ने नए सिरे से टेंडर निकाला था। टेंडर लेने वाले ठेकेदार को एक महीने में यहां काम कंपलीट करके देना था,लेकिन तीन महीने का समय गुजर जाने के बाद भी काम प्लिंथ लेवल के ऊपर नहीं पहुंच पाया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को यहां आठ अस्थियां अंत्येष्टि के लिए लाई गई। जिसमें से दो अंत्येष्टियों का अंतिम संस्कार शेड के बाहर करना पड़ रहा है। इसके बाद भी निगम के जिम्मेदारी अधिकारी यहां शेड निर्माण में गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। गुरुवार को ये पहला मौका नहीं था। जब ये हालात बने, इसके पहले भी यहां पदस्थ कर्मचारियों को यही परेशानी से दो-चार होना पड़ा।
आसपास के क्षेत्रों से कंडों की सप्लाई, बारिश की वजह से प्रभावित
नगर निगम यहां लकड़ी की व्यवस्था करता है। कंडे की व्यवस्था यहां पदस्थ प्राईवेट कर्मी करते हैं। बोरिया, सोनपुर जैसे आसपास के क्षेत्रों से कंडे लाकर यहां अंतिम संस्कार किया जाता है, लेकिन पिछले दिनों हुई तेज बारिश से कंडे की सप्लाई प्रभावित हो रही है। जिसकी वजह से यहां पर्याप्त मात्रा में कंडे नहीं मिल पा रहे हैं। समस्या की असली वजह यही है।
व्यवस्था बनाने की बजाय जनप्रतिनिधि बयानबाजी तक सीमित
तकरीबन डेढ़ महीने पहले भी यहीं समस्या पातालेश्वर मोक्षधाम में सामने आई थी। समय पर शेड निर्माण नहीं होने के कारण शहरवासियों को ही परेशान होना पड़ रहा था। तब सामने आए जनप्रतिनिधियों ने दावा किया था कि शेड निर्माण जल्द पूरा हो जाएगा, लेकिन लंबे समय से शेड का निर्माण कार्य रुका हुआ है। जनप्रतिनिधि बयानबाजी तक सिमटे हुए है। अधिकारियों को कोई सरोकार नहीं है।
इनका कहना है
नगर निगम द्वारा लकड़ी की व्यवस्था यहां की जाती है। कंडे प्राइवेट लोग सप्लाई करते हैं। लकड़ी तो मोक्षधाम में पर्याप्त है।
-अनिल मालवी, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी
Created On :   15 Nov 2025 2:13 PM IST












