Chhindwara News: अलर्ट..डेंगू के मच्छरों के लिए वातावरण अनुकूल, साफ पानी में पनप रहे एडीज मच्छरों के लार्वा

अलर्ट..डेंगू के मच्छरों के लिए वातावरण अनुकूल, साफ पानी में पनप रहे एडीज मच्छरों के लार्वा
  • मलेरिया विभाग की टीम पिछले दो दिनों से शहर के वार्डों में सर्वे कर रही है।
  • घर के आसपास रखें साफ सफाई, छतों पर न जमा होने दे बारिश का पानी

Chhindwara News: डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छरों के लिए बारिश का मौसम अनुकूल माना जाता है। दरअसल घरों की छत या आसपास रखे कंटेनर, पुराने टायर, टूटे बर्तन, गमले, खाली पड़ी बोतल और बािल्टयों में जमा बािरश के साफ पानी में एडीज मच्छर के लार्वा पनपते है, जो लोगों को अपना शिकार बनाते है।

मलेरिया विभाग अलर्ट जारी कर लोगों को डेंगू से बचाव के तरीके बता रहा है और शहर व ग्रामीण इलाकों में सर्वे कर लार्वा नष्टीकरण कर रहा है। पिछले साल डेंगू के 159 मरीज मिले थे। गनीमत है कि इस साल अभी तक डेंगू पॉजिटिव मरीज नहीं मिले है।

डीएमओ देवेन्द्र भालेकर के बताया कि डेंगू एडीज एल्बोपिकट्स मच्छर के काटने से फैलता है। डेंगू बुखार डेन नामक वायरस से होता है। मच्छर के काटने के तीन से पांच दिन बाद मरीज को डेंगू के लक्षण दिखाई देते है। एडीज मच्छर दिन में काटता है और एक दिन में सात से नौ लोगों को संक्रमित कर सकता है। एडीज मच्छर साफ पानी के स्त्रोत के किनारे अंडे देते है। यह अंडे शुष्क अवस्था में डेढ़ साल तक जीवित रह सकते है। इन मच्छरों की उड़ान चार सौ मीटर तक होती है।

दो दिनों में 27 घरों में मिले लार्वा-

मलेरिया विभाग की टीम पिछले दो दिनों से शहर के वार्डों में सर्वे कर रही है। टीम ने वार्ड नम्बर 25 में 180 घरों का सर्वे किया था यहां 15 घरों में डेंगू के लार्वा मिले है। इसी तरह वार्ड नम्बर 15 राजेन्द्र नगर के 125 घरों के सर्वे में 12 मकानों में मच्छरों के लार्वा मिले है। टीम के सदस्यों ने इन घरों में लार्वानाशक दवा का छिड़काव किया है और कंटेनर, कूलर, फ्रिज, गमले में जमा पानी को खाली कराया गया है।

डेंगू के सामान्य लक्षण-

- सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द।

- मरीज को तेज बुखार आना।

- शरीर में चकते या रेशेस, भूख में कमी।

डेंगू के गंभीर लक्षण-

- नाक-मसूड़े से खून आना।

- उल्टी व मल से खून आना।

- पेट दर्द, पेशाब कम होना।

- प्लेटलेट्स 40 हजार से कम होना।

मच्छरों से बचाव के उपाए...

- हमेशा मच्छरदानी लगाकर सोएं।

- शाम के वक्त दरवाजे, खिड़कियां बंद रखें।

- शाम को मॉस्किटो क्वाइल, नीम पत्तियों का धुआं करें।

- पूरी आस्तिन और शरीर ढंकने वाले कपड़े पहने।

मच्छर के प्रजनन स्थल को नष्ट करने के उपाए...

- घर के आसपास टायर, गमले, कूलर, फ्रिज में पानी न जमने दें।

- खुले कंटेनरों की हर तीन दिन में सफाई करें।

- घर और आसपास पानी के टांकों को ढंक कर रखें।

- जहां पानी खाली करना संभव नहीं है, उनमें प्रति 100 लीटर पानी में 30 एमएल पेट्रोल/मीठा तेल डालना चाहिए।

- घर के आसपास 100 मीटर के दायरे में घास, झाड़ियां न रहने दें।

- पानी के बड़े गढ्ढों में गंबूसिया मछली डालना चाहिए।

- हैंडपंप के आसपास पानी न जमा होने दें।

Created On :   12 July 2025 1:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story