- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- फांसी और जहर से महिला समेत चार...
Chhindwara News: फांसी और जहर से महिला समेत चार लोगों की मौत

- चारों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
Chhindwara News: कोतवाली, पांढुर्ना समेत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फांसी और जहर पीकर चार लोगों ने जान दे दी। मृतकाें में एक महिला भी शामिल है। पांढुर्ना के ग्राम घोघरी में मामा के घर रह रहे युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला। गुरुवार रात छोटी बाजार के एक शख्स को बेहोशी की हालत में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां से नागपुर ले जाते वक्त रास्ते में अधेड़ ने दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना में चांद के ग्राम रगड़ा के एक शख्स ने जहर पीकर जान दे दी। तीसरा मामला बिछुआ के ग्राम गुमतरा का है। यहां एक महिला ने जहर का सेवन कर लिया था। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चारों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
पहला मामला-
बड़चिचोली चौकी पुलिस ने बताया कि पांढुर्ना के ग्राम घोगरी साहनी में अपने मामा के घर रह रहे गणेश परतेती (25) का शव फंदे पर लटका मिला। माता-पिता के गुजर जाने के बाद से गणेश अपने मामा के पास घोगरी साहनी में रह रहा था। शुक्रवार सुबह सभी परिजन खेत चले गए थे। तब गणेश ने फांसी लगा ली। जब परिजन खेत से लौटे तो दरवाजा बंद मिला, दरवाजा खोलकर देखा गया तो गणेश का शव फंदे पर झूलता मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरा मामला-
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि शहर के छोटी बाजार निवासी 56 वर्षीय गोविंद पिता रामप्रसाद सोनी गुरुवार रात को बाजार गए थे। बाजार से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चले गए थे। कुछ देर बाद उल्टियां होने की आवाज आने पर परिजन कमरे में पहुंचे और उन्हें निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया था। हालत नाजुक होने पर उन्हें नागपुर रेफर किया गया था। नागपुर ले जाते वक्त सौंसर के समीप गोिवंद ने दम तोड़ दिया।
तीसरा मामला-
अस्पताल चौकी पुलिस के मुताबिक चांद के ग्राम रगड़ा निवासी 55 वर्षीय शकरलाल पिता भागलाल बट्टी ने अज्ञात कारणों के चलते जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान गुरुवार देर रात उनकी मौत हो गई।
चौथा मामला-
अस्पताल चौकी पुलिस के मुताबिक बिछुआ के ग्राम गुमतरा निवासी 32 वर्षीय कविता पति रमेश धुर्वे ने गुरुवार दोपहर को जहर का सेवन कर लिया था। घटना के वक्त रमेश धुर्वे समूह की किश्त जमा करने गया था। लौटने पर कविता उल्टियां करती मिली। कविता को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल में शिफ्ट कराया गया था। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के कविता की मौत हो गई।
Created On :   13 Sept 2025 2:19 PM IST