अस्थी रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर, जन्मजात विकृत बच्चों को बिना प्लास्टर के लौटाया

अस्थी रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर, जन्मजात विकृत बच्चों को बिना प्लास्टर के लौटाया

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। जन्मजात विकृत बच्चों को आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) द्वारा चिन्हित कर उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल बुलाया गया था। इनमें से कुछ बच्चे थे जो क्लबफुट बीमारी (पैरों का टेढ़ापन) से पीडि़त थे। जिनके पैरों में प्लास्ट बांधा जाना था। इन बच्चों को सिर्फ इसलिए वापस कर दिया गया, क्योंकि प्लास्टर बांधने वाले अस्थी रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर थे। इन सभी बच्चों की उम्र एक दिन से लेकर दो माह के बीच थी। लगभग एक से दो घंटे परिजन बच्चों को गोद में लेकर भटकते रहे। आखिरकार इलाज न मिलने पर हताश होकर उन्हें लौटना पड़ा।

कबाडिय़ा निवासी निर्मल परतेती ने बताया कि उनके बच्चे के पैर मेंं प्लास्टर होना था। अस्थी रोग विशेषज्ञ डॉ.किशोर उईके एक माह के अवकाश पर है। इस वजह से बच्चे के पैरों में प्लास्टर नहीं लगाया गया। उन्हें अगले माह आने कहा गया है। इसी तरह चौरई के हलालकुंड से सुनील रंगारे और उमरेठ के करण उईके अपने बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर छुट्टी पर होने से इन बच्चों के पैरों पर प्लास्टर नहीं किया गया।

क्यों जरुरी है प्लास्टर-

विशेषज्ञ चिकित्सकों की माने तो क्लबफुट से पीडि़त बच्चों के पैरों में एक-एक सप्ताह के अंतराल मेंंं पांच से सात बार प्लास्टर किया जाता है। कम उम्र में ऐसा करने से बच्चों के पैर आसानी से सीधे हो जाते है। उम्र बढऩे पर बच्चे के पैरों का ऑपरेशन करना पड़ता है।

सीएस का जबाव... आरबीएसके की जवाबदारी सीएमएचओ की-

इस संबंध में सीएस डॉ.एमके सोनिया का कहना है कि आरबीएसके की जवाबदारी सीएमएचओ की होती है। आरबीएसके ने बच्चों के आने की जानकारी दी होती तो हम व्यवस्था बनाकर रखते। हमारे पास कोई मरीज या उनका परिजन नहीं पहुंचा था।

सीएमएचओ का कहना... इलाज की व्यवस्था अस्पताल प्रबंधन की-

आरबीएसके जन्मजात विकृत बच्चों को चिन्हित करता है। इलाज की व्यवस्था जिला अस्पताल प्रबंधन की होती है। बच्चों को इलाज के लिए बुलाया गया था और डॉक्टर छुट्टी पर थे तो प्रबंधन को व्यवस्था बनानी थी। सीएस से चर्चा कर व्यवस्था बनाई जाएगी। ताकि मरीजों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

Created On :   18 May 2023 3:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story