डीएनए टेस्ट से खुला राज, जीजा निकला नाबालिग साली का दुष्कर्मी

डीएनए टेस्ट से खुला राज, जीजा निकला नाबालिग साली का दुष्कर्मी

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। नवेगांव थाना क्षेत्र की एक १५ साल की नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। नाबालिग के गर्भवती होने के बाद मामला खुलकर सामने आया था। नाबालिग लगातार अपने बयान बदल रही थी। नाबालिग ने जीजा समेत दो लोगों पर आरोप लगाए थे। इस आधार पर पुलिस ने दोनों संदेहियों का डीएनए टेस्ट कराया था। जांच रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि नाबालिग का शारीरिक शोषण उसके जीजा ने किया था। जिससे वह गर्भवती हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

टीआई अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि फरवरी माह में परिजनों के साथ मजदूरी के लिए नाबालिग अमरावती गई थी। नाबालिग को सात माह का गर्भ था। गर्भवती बच्ची को महाराष्ट्र के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बालिका संरक्षण गृह में रखा गया और नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था। घटना की सूचना मिलने पर नवेगांव पुलिस महाराष्ट्र पहुंची थी। यहां नाबालिग ने जीजा द्वारा शारीरिक शोषण किए जाने की बात बताई थी। न्यायालय में बालिका ने बयान बदलते हुए किसी अन्य का नाम लिया था। इस वजह से दोनों संदेहियों का ब्लड सैंपल लेकर डीएनए टेस्ट के लिए भेजा गया था। एसपी विनायक वर्मा के विशेष अनुरोध पर भोपाल लैब से २५ दिन में डीएनए रिपोर्ट दे दी गई। रिपोर्ट में पीडि़ता का जीजा ही आरोपी निकला। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी कर जेल भेज दिया है। इस बीच नाबालिग ने जिला अस्पताल में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है।

Created On :   29 May 2023 12:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story