फरीद वाटिका में स्थित मंदिर की प्रतिमाएं मिली खंडित

फरीद वाटिका में स्थित मंदिर की प्रतिमाएं मिली खंडित

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/पांढुर्ना. बड़चिचोली के फरीद वाटिका परिसर में मौजूद मंदिर में विराजी भगवान की प्रतिमाओं को असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया। मामला आगे तूल न पकड़े, इसके लिए पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए लोगों को समझाया और मामला शांत कराया। प्रशासनिक अधिकारियों ने खंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा कराने, सीसीटीवी लगाने और एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को हर हाल में पकड़कर सजा दिलाने का भरोसा दिलाया।

मिली जानकारी के अनुसार फरीद वाटिका परिसर में मौजूद मंदिर में भगवान शिव, शिवलिंग, नंदी की प्रतिमाओं को किसी अज्ञात तत्व ने क्षतिग्रस्त कर दिया। रविवार की सुबह जब मंदिर से जुड़े श्रद्धालु मदन डोंगरे मंदिर में भोलेनाथ की पूजा करने गए तो मंदिर में स्थापित भगवान शिव की प्रतिमा का हाथ खंडित पड़ा था। साथ ही अन्य प्रतिमाएं भी खंडित दिखी। उन्होंने तत्काल गांव पहुंचकर संबंधित लोगों को जानकारी दीं। मंदिर से जुड़े लोगों और वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

इधर खबर फैलने पर गांव के लोग मंदिर पहुंचे तो प्रतिमाओं को देखकर नाराजगी भी जताई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी मौका-मुआयना किया। वहीं तहसीलदार विनय प्रकाश ठाकुर ने भी बड़चिचोली पहुंचकर घटना को संज्ञान में लिया। प्रतिमाएं खंडित होने की घटना पर आरएसएस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। उन्होंने

आस्था पर हुए हमले को लेकर पुलिस चौकी में धरना देकर विरोध भी जताया। जिसके बाद तहसीलदार विनय प्रकाश ठाकुर और चौकी प्रभारी आशीष भीमटे ने धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। इन अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में परामर्श लेकर सभी को नई प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा कराने, सीसीटीवी लगाने और एफआईआर दर्ज करके आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया। मामले की जांच में साइबर सेल की मदद लेकर लोकेशन के आधार पर भी आरोपियों को पकड़ने की अधिकारियों ने बात कही।

रात में परिसर में रहता है तत्वों का डेराः

स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के अंधेरे में फरीद वाटिका परिसर में असामाजिक तत्वों का डेरा लगा रहता है। यह तत्व हुड़दंग मचाते हुए परिसर का सौंदर्य और शांति बिगाड़ने का प्रयास करते है। अधिकारियों ने ऐसे असामाजिक तत्वों से भी पूछताछ करने की बात कही। एसडीएम आरआर पांडे ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार रात में परिसर में असामाजिक तत्वों का डेरा रहता है। ऐसे ही किसी तत्व द्वारा प्रतिमाएं तोड़ा जाना प्रतीत हो रहा है। लोगों की आस्था और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर में नई प्रतिमाएं स्थापित करा दी जाएगी।

Created On :   7 Aug 2023 6:14 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story