निकाय उपचुनाव का डंका, नामांकन प्रक्रिया शुरू, पार्टियों के प्रत्याशी घोषित होने का इंतजार

निकाय उपचुनाव का डंका, नामांकन प्रक्रिया शुरू, पार्टियों के प्रत्याशी घोषित होने का इंतजार

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। जिले के दो नगरीय निकायों में दो सीटों के लिए उपचुनाव होने हैं। नगरनिगम छिंदवाड़ा और नगरपालिका परासिया की एक-एक रिक्त सीट पर चुनाव होना है। नगरनिगम के वार्ड ४२ और परासिया नपा के वार्ड ६ में पार्षद का चुनाव होना है। नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि अभी तक पार्टियों ने अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। जबकि भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के दावेदारों ने वार्डों में सक्रियता के साथ अपने अपने दलों में टिकट पाने जोड़तोड़ शुरू कर दी है। दोनों प्रमुख दलों में दावेदारों की संख्या एक से अधिक बताई जा रही है। अन्य दल भी अपने प्रत्याशी उतार सकते हैं। हालांकि २३ मई से शुरू हुए नामांकन में अब तक एक भी पर्चा दाखिल नहीं हुआ है। मतदान १३ जून को होना है।

आमचुनाव में वार्ड ४२ से निर्दलीय ने मारी थी बाजी:

आम चुनाव में नगरनिगम के वार्ड ४२ में रोचक मुकाबला देखने को मिला था। यहां त्रिकोणीय मुकाबले में निर्दलीय राजेश भोयर ने साढ़े ५ सौ से ज्यादा वोटों के अंतर से बाजी मारी थी। जबकि कांग्रेस को दूसरे और भाजपा को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था। पार्षद राजेश भोयर के असमय निधन से रिक्त सीट पर अब कांग्रेस और भाजपा के दावेदार ताल ठोंकने की तैयारी में हैं।

कांग्रेस चार और भाजपा से ५ दावेदारों के नाम चर्चाओं में:

वार्ड ४२ के उपचुनाव में सबसे ज्यादा भाजपा की ओर से दावेदार बताए जा रहे हैं। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संदीप सिंह चौहान, दिवंगत पार्षद राजेश भोयर के पिता रामकृष्ण भोयर का नाम भी आगे किया जा रहा है। पूर्व पार्षद अनिता मालवी, माया बंदेवार और अंकित सोलंकी का नाम भी लिया जा रहा है। वहीं कांग्रेस की ओर से जगदीश झांझोट, सतीश खाटीकर, वेदांत दुबे और राजू स्वामी का नाम दावेदार के तौर पर लिया जा रहा है।

परासिया में एसटी सीट पर होगा चुनाव:

परासिया नगरपालिका के वार्ड ६ में कांग्रेस पार्षद नंदिनी के निधन से रिक्त सीट पर चुनाव होना है। उक्त वार्ड अनुसूचित जनजाति वर्ग महिला के लिए आरक्षित है। नपा की सत्ता में काबिज भाजपा वार्ड में कब्जा जमाना चाह रही है। भाजपा से एक महिला और एक युवती को उतारना चाह रही है। भाजपा की नजर कांग्रेस पर है, कहा जा रहा है कि कांग्रेस से चेहरा ओपन होने के बाद भाजपा अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगी।

Created On :   27 May 2023 6:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story