मौसम ने ली करवट: गरज चमक के साथ हुई बारिश पश्चिमी विक्षोभ का असर, तापमान में आई गिरावट

मौसम ने ली करवट: गरज चमक के साथ हुई बारिश पश्चिमी विक्षोभ का असर, तापमान में आई गिरावट

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। जिले मेें शनिवार को एक बार फिर से मौसम ने करवट ले ली है। सुबह से खिली धूप ने गर्मी का तीखा असर दिखाया। लेकिन दोपहर बाद से ही जिले के अनेक हिस्सों में बादलों का डेरा दिखाई देने लगा। तेज हवाओं के साथ शाम होते होते कई स्थानों पर बौछारें पडऩे से गर्मी से राहत मिली। दोपहर से देर शाम तक जिले के परासिया, सौंसर, चौरई व तामिया के अनेक क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम पारा ३९.६ डिग्री दर्ज किया गया। इधर मौसम विभाग ने जिले में आंधी के साथ ओलावृष्टि व बारिश की संभावना जताई है। यहां हवा की गति ६० किमी. प्रतिघंटा तक चल सकती है। इस दौरान गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर ५ जून तक

नए वेदर सिस्टम का असर शनिवार से जिले में दिखाई देना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक नए सिस्टम का असर आगामी ५ जून तक प्रभावी रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर आंधी तूफान व गरज चमक के साथ ओलावृष्टि दर्ज हो सकती है। वहीं प्री मानसून की गतिविधियां १० जून के आसपास तेज हो जाएंगी।

ग्रामीण क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश

शनिवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। चौरई विकासखंड में सिहोरामाल से लेकर झिलमिली के बीच तेज बौछारें पड़ी। वहीं परासिया के रावनवाड़ा, पगारा और उमरेठ क्षेत्र में कुछ स्थानों पर झमाझम बारिश हुई। शाम तक आसमान में काले घने बादल छाए रहे और रूक- रूककर तेज हवाएं चलती रही। तेज हवाएं चलने से उमरेठ में मोरडोंगरी मार्ग पर स्थित एक आम के पेड़ की शाखा टूटकर 11 केव्ही लाइन पर गिरी, जिससे शॉर्ट सर्किट होने पर पेड़ सहित आसपास के क्षेत्र में आग फैल गई। दमकल वाहन को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। इस दौरान पुलिस, राजस्व और पंचायत का अमला सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे।

आकाशीय बिजली गिरने से दो पशुओं की मौत

परासिया विकासखंड के उमरेठ क्षेत्र अंतगर्त आने वाले खापामाल में शनिवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से खेत में बंधे दो पशुओं की मौत हो गई। किसान मलजी सुमरलाल के खेत में पेड़ के नीचे बंधे दो गौवंश की आकाशीय बिजली से मौत होने की जानकारी ग्राम कोटवार द्वारा प्रदान की गई।

Created On :   4 Jun 2023 1:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story