विकास: अब सूरजागढ़ पहाड़ी के लौह यातायात के लिए गड़चिरोली में बनेगी ग्रीनफील्ड सड़क

अब सूरजागढ़ पहाड़ी के लौह यातायात के लिए गड़चिरोली में बनेगी ग्रीनफील्ड सड़क
  • राज्य सरकार के लोक निर्माण विभाग ने दी 84.63 किमी की सड़क के निर्माण कार्य को मंजूरी
  • टीम ने हाल ही में सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण किया
  • लगातार बढ़ रहीं सड़क दुर्घटनाओं में आएगी कमी

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। देश के अतिपिछड़े जिलों की सूची में शामिल उद्योग विहिन गड़चिरोली जिले में सूरजागढ़ लौह परियोजना के माध्यम से स्थानीय सुशिक्षित बेरोजगारों को रोजगार दिलाने और ट्रकों की यातायात से लगातार बढ़ रहीं सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए अब राज्य सरकार ने जिले में ग्रीनफील्ड सड़क बनाने का निर्णय लिया है। जिले के नवेगांव मोर से सूरजागढ़ पहाड़ी तक कुल 84.63 किमी की सड़क निर्माण करने का फैसला लोक निर्माण मंत्रालय ने लिया है।

यह सड़क अहेरी तहसील के मुत्तापुर से वड़लापेठ-वेलगुर टोला-येलचिल से होते हुए नवेगांव मोर-चामोर्शी तहसील के कोनसरी-मूलचेरा-हेड़री से सुरजागढ़ पहाड़ी पहुंचेगी। प्रस्तावित सड़क से जैसे ही यातायात संसाधनों में वृध्दि होगी, स्थानीय बेरोजगारों को भी बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध होगा। वहीं सड़क दुर्घटना का प्रमाण भी कम होने लगेगा। जानकारी के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से सूरजागढ़ पहाड़ी पर लॉयड्स मेटल्स एन्ड एनर्जी लिमिटेड कंपनी की ओर से लौह उत्खनन किया जा रहा है। पहाड़ी से कच्चा लोहा निकालकर इसे छत्तीसगढ़, तेलंगाणा, आंध्रप्रदेश समेत महाराष्ट्र राज्य के चंद्रपुर और अन्य जिलों में भेजा जा रहा हंै। इस कार्य के लिए लगातार बढ़ रहीं ट्रकों की संख्या के कारण पिछले कुछ दिनों से एटापल्ली-आलापल्ली और आलापल्ली-आष्टी महामार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं का प्रमाण बढ़ गया है। हर आये दिन सूरजागढ़ के ट्रकों के कारण लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रहीं है। इस गंभीर समस्या का निवारण करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में ग्रीनफिल्ड सड़क निर्माण करने की मांग लगातार की थी। इस मांग पर गंभीरता से ध्यान देते हुए राज्य सरकार ने लौह यातायात के लिए ग्रीनफील्ड सड़क को मंजूरी प्रदान की है।

लोक निर्माण विभाग की टीम ने हाल ही में इस सड़क के लिए सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण किया। जिसकी रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को पेश किया गया। इस रिपोर्ट पर गहन अध्ययन करने के बाद इसे मंजूरी दिये जाने की जानकारी मिली है। ज्ञात हो कि, चामोर्शी तहसील के कोनसरी गांव में लॉयड्स मेटल्स कंपनी की ओर से लोह परियोजना (कारखाना) का कार्य अंतिम चरण में है। जैसे ही यह परियोजना शुरू होगी सुरजागढ़ पहाड़ी का कच्चा लौहा इसी परियोजना में पहुंचेगा। इस परियोजना के माध्यम से जिलेभर के 15 हजार से अधिक सुशिक्षित बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध होने के आसार है। इस कारण राज्य सरकार द्वारा मंजूरी की गयी ग्रीनफिल्ड सड़क महत्वपूर्ण मानी जा रहीं है। सरकारी नियमानुसार निविदा प्रक्रिया जारी होने के बाद जमीनी स्तर पर इस सड़क का निर्माणकार्य शुरू होने के आसार है।


Created On :   9 Feb 2024 11:34 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story