Gadchiroli News: वित्तीय मदद नहीं मिली तो होगा आंदोलन, एटापल्ली के किसानों ने दी चेतावनी

वित्तीय मदद नहीं मिली तो होगा आंदोलन, एटापल्ली के किसानों ने दी चेतावनी
बारिश ने छीनी फसल, प्रशासन की चुप्पी पर भड़के किसान

Gadchiroli News इस वर्ष का खरीफ सत्र किसानों के लिए पूरी तरह नुकसानदेह साबित हुआ है। वापसी की बारिश ने किसानों की फसलों को पूरी तरह तबाह कर दिया। वर्तमान में बारिश पूरी तरह थम गयी है, लेकिन खेत में अब भी पानी जमा है। बावजूद इसके प्रशासन द्वारा अब तक नुकसान के सर्वेक्षण का कार्य आरंभ नहीं किया गया। इसी कारण क्षेत्र के संतप्त किसानों ने मंगलवार, 4 नवंबर को तहसील कार्यालय पर मोर्चा निकाला।

इस समय संतप्त किसानों ने युद्धस्तर पर वित्तीय मदद न मिलने पर इसी कार्यालय के समक्ष तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है। किसानों ने अपने ज्ञापन में बताया कि, तहसील के कांदोली, बुर्गी, करपनफुंडी, अबनपल्ली, मरकल, उड़ेरा, येमली, बिड्री, पैमा, कोंदावाही, मुंगठा, तुमरगुंडा, गड्डेपल्ली, बोरी, पिंडीगुंडम समेत अन्य गांवों के किसानों को इस वर्ष बारिश के चलते बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा। क्षेत्र में खासकर धान की फसल लगायी जाती है। इस वर्ष भी शुरुआती दौर की अच्छी बारिश के भरोसे धान की बुआई की गयी। लेकिन बाद में अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति से किसानों को दाेबारा बुअाई करनी पड़ी।

जैसे-तैसे रोपाई कार्य पूर्ण कर धान कटाई की प्रक्रिया आरंभ की गयी। लेकिन ऐसे समय में ही वापसी की बारिश ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। वर्तमान में कटी धान की फसल पानी में पूरी तरह भीग गयी है। वहीं काटने योग्य फसल जमीदोज हो गयी है। इस संकट से उबरने के लिए तहसील के नुकसानग्रस्त खेतों का सर्वेक्षण कर तत्काल वित्तीय मदद देने की मांग इस समय की गयी। ऐसा न करने पर तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी दी गयी है। आंदोलन में रामा तुमरेटी, चिन्ना वेलादी, डोलेश मडावी, उमेश गावडे, रामा तलांडे, मधुकर पुंगाटी, हमराज पुंगाटी, साई पुंगाटी, विनोद दुर्गे, लुला हिचामी, सुरेश मडावी, संदीप उसेंडी, नीलेश दुर्गे, सुरेश डोंगरे समेत अन्य किसान बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


Created On :   5 Nov 2025 4:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story