Gadchiroli News: एमबीबीएस के 3 विद्यार्थी वैनगंगा नदी में बहे, नहाने के लिए उतरे थे सभी

  • देर शाम तक चलता रहा खोज कार्य
  • अंधेरा होते ही खोज कार्य बंद किया

Gadchiroli News गड़चिरोली-चंद्रपुर मार्ग पर स्थित वैनगंगा नदी में शनिवार, 10 मई की शाम 5 बजे के दौरान एमबीबीएस के 3 विद्यार्थी गहरे पानी में डूब गये। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तत्काल खोज कार्य आरंभ किया। लेकिन अंधेरा होते ही खोज कार्य बंद किया गया। नदी में बहे विद्यार्थियों के नाम बुलढ़ाना जिले के चिखली निवासी गोपाल साखरे (20), संभाजीनगर निवासी स्वप्निल सिरे (19) और शिरडी निवासी पार्थ जाधव (20) बताए गये हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गड़चिरोली जिला मुख्यालय में इसी वर्ष आरंभ मेडिकल कालेज में उपरोक्त तीनों विद्यार्थी एमबीबीएस के प्रथम वर्ष में शिक्षारत थे। शनिवार की शाम मेडfकल कालेज के 8 से 9 विद्यार्थी चंद्रपुर मार्ग पर स्थित वैनगंगा नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। सभी विद्यार्थी नदी में नहाने के लिए उतरे। इस बीच गोपाल, स्वप्निल और पार्थ गहरे पानी में चले गये। उन्हें तैरना न आने के कारण तीनों मित्र पानी के बहाव में बह गये। साथी मित्रों ने उन्हें बचाने का पुरजोर प्रयास किया। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

मित्रों ने घटना की जानकारी तत्काल गड़चिरोली पुलिस को दी। पुलिस ने जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग के राहत दल और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम को सूचित किया और तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। देर शाम 6.30 बजे तक नदी में बहे तीनों विद्यार्थियों को तलाशने का प्रयास किया गया। लेकिन किसी का पता नहीं चल पाया। रात होने के कारण खोजकार्य बंद किया गया। इस दौरान गड़चिरोली के मेडिकल कालेज प्रबंधन ने संबंधित तीनों विद्यार्थियों के परिजनों को घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने प्राथमिकी के रूप में मर्ग दाखिल किया है। रविवार की सुबह से वैनगंगा नदी में दोबारा खोजकार्य आरंभ किया जाएगा।

Created On :   10 May 2025 7:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story