- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- शराब पीने नहीं दिए 100 रुपए तो धान...
Gondia News: शराब पीने नहीं दिए 100 रुपए तो धान को लगा दी आग

- सालेकसा तहसील के कुनबीटोला का मामला
- जिसने फसल काटी उसी ने लगा दी आग
Gondia News जिस मजदूर ने धान फसल को काटने में किसान की मदद की, उसी मजदूर ने शराब के लिए 100 रुपए नहीं देने पर किसान के धान के ढेर (पुंजने) को आग लगा दी, जिससे पीड़ित किसान का लगभग 35 हजार रुपयों का नुकसान हुआ है। यह घटना सालेकसा तहसील के ग्राम कुनबीटोला में घटी। जिसकी शिकायत स्थानीय निवासी फरियादी किसान हिरेंद्रकुमार चिंतामण मेश्राम (48) ने पुलिस थाने में दर्ज करायी है।
दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने सालेकसा तहसील के ग्राम असईटोला निवासी आरोपी श्यामलाल खिंदु सोनवाने (55) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, फरियादी हिरेंद्रकुमार मेश्राम ने दिन-रात कड़ी मेहनत से अपने खेत में जयश्रीराम प्रजाति के धान का उत्पादन लिया था। फसल पकने के बाद किसान ने उसे काटकर चुराई के लिए खेत में ही पुंजने बनाकर रखे था। फसल कटाई के लिए आरोपी श्यामलाल सोनवाने ने भी तीन दिनों तक खेत में कार्य किया था। कुछ दिन बाद आरोपी यह किसान के दुकान में गया और शराब पीने के लिए 100 रुपए देने की मांग करने लगा।
रुपए नहीं देने पर नुकसान करने की धमकी देकर वह दुकान से निकल गया था। कुछ समय बाद पीड़ित किसान के दुकान में कुनबीटोला निवासी दो अज्ञात व्यक्ति आए और बताया कि, उनके खेत में रखे धान पुंजने जल रहे हैं। जिसके बाद किसान खेत में गया और देखा तो धान के पुंजने धूं-धूं कर जल रहे थे। जिसके बाद कुछ लोगों की मदद से मोटर पंप के माध्यम से जल रहे धान के पुंजनों पर पानी डाला गया। लेकिन इस घटना में किसान का पूरा धान जलकर खाक हो गया। इस घटना में पीड़ित किसान ने मजदूर श्यामलाल सोनवाने के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच शुरू है।
Created On :   3 Dec 2025 4:57 PM IST














