- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बिजली के तारों तक पहुंच गईं शाखाएं...
Jabalpur News: बिजली के तारों तक पहुंच गईं शाखाएं कभी भी गिर सकता है विशालकाय पेड़

- पूरी तरह झुक गया है वृक्ष, हादसों का खतरा, नागरिक भयभीत
- जेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेन्ट्रल जेल के समीप मुख्य मार्ग पर पीपल का 70 साल पुराना पेड़ लगा है।
- मानसून सिर पर है और तेज हवाएं चलेंगी ऐसे में कभी भी हादसा हो सकता है।
Jabalpur News: सेन्ट्रल जेल को जाने वाले मार्ग पर पीपल का एक पेड़ खतरनाक हो गया है। पेड़ सड़क की ओर झुक गया है और इसकी विशाल डगालें बिजली के तारों को छू रही हैं। जिससे किसी भी दिन हादसा होने का खतरा मंडरा रहा है। बारिश और आंधी-तूफान में पेड़ के गिरने की आशंका जेल विभाग और जेल के सरकारी आवासों में रहने वाले लोगों को सता रही है।
जेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेन्ट्रल जेल के समीप मुख्य मार्ग पर पीपल का 70 साल पुराना पेड़ लगा है। पेड़ का तना सड़क की ओर झुक गया है। तेज हवा चलने से आए दिन पेड़ की शाखाएं और पत्तियां बिजली के तारों से टकराती हैं। जिससे चिंगारियां निकलती हैं। इतना ही नहीं पेड़ कमजाेर हो गया है। जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जेल मार्ग से प्रतिदिन जेल कर्मचारियों-अधिकारियों और जेल के कैदियों का आना-जाना होता है। इसके साथ ही यहां सरकारी आवास भी हैं। जिसमें बड़ी संख्या में जेल कर्मचारी परिवार सहित रहते हैं। इस मार्ग से सभी लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में जब तेज हवाएं चलती हैं, तब लोगों में दहशत का माहौल बन जाता है।
जेल विभाग ने किया पत्राचार
सेन्ट्रल जेल के उप जेल अधीक्षक मदन कमलेश ने बताया कि जेल मार्ग पर लगे विशालकाय पेड़ों की छंटाई के लिए जेल प्रशासन नगर निगम के उद्यान विभाग को कई बार पत्र लिख चुका है, लेकिन उद्यान विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। जिससे जेल परिसर के आसपास कई पेड़ खतरनाक बन चुके हैं। समय रहते इनकी छटाई किया जाना बेहद जरूरी है।
हाल ही में आवासों पर गिरा था पेड़
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनोें पहले चली तेज हवाओं के कारण यहां एक पेड़ जो कर्मचारियों के आवासों पर आ गिरा था। इस दौरान दो जेल कर्मी और उनके परिवार दब कर घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ा था। उस घटना के बाद भी जेल प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। मानसून सिर पर है और तेज हवाएं चलेंगी ऐसे में कभी भी हादसा हो सकता है।
Created On :   30 May 2025 3:23 PM IST