- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 43 करोड़ का धान घोटाला, आरोपियों से...
Jabalpur News: 43 करोड़ का धान घोटाला, आरोपियों से वसूल की जाएगी पूरी रकम

- तहसीलदारों को कलेक्टर ने दिए आरआरसी जारी करने के निर्देश
- मामले में 16 राइस मिलर्स के साथ ही 12 अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराई गई है।
Jabalpur News: जिले में धान परिवहन मामले में गड़बड़ी पाए जाने के बाद प्रशासन द्वारा करीब 43 करोड़ रुपए के धान घोटाला मामले में बड़ी संख्या में राइस मिलर्स के विरुद्ध जुलाई माह में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस मामले में शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का भी प्रकरण दर्ज किया गया है जिसके चलते आर्थिक क्षति की राशि वसूल करने इन मिलर्स के खिलाफ आरआरसी जारी करने कलेक्टर ने निर्देश जारी किए हैं।
संबंधित तहसीलदारों को आरआरसी जारी करने के साथ राशि वसूलने पर जोर दिए जाने भी कहा गया है। तय सीमा में राशि जमा न करने पर इनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इस मामले में 16 राइस मिलर्स के साथ ही 12 अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराई गई है।
धान परिवहन मामले में जिन राइस मिलर्स व अन्य के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है उनसे राशि वसूलने तहसीलदारों को आरआरसी जारी करने कहा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- राघवेंद्र सिंह, कलेक्टर
यह है मामला: जिला प्रशासन की ओर से 10 जुलाई को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती नीलम उपाध्याय ने क्राइम ब्रांच में एफआईआर दर्ज कराई। जिसमें कहा गया कि मिलिंग के लिए आवंटित उपार्जित धान की फर्जी परिवहन के माध्यम से अफरा-तफरी की गई है। इस बात का भी उल्लेख किया गया कि दल द्वारा जांच करके कुल 2,45,400 क्विंटल धान का प्रतिवेदन सौंपा गया था। जिसमें पाया गया 58343 क्विंटल धान का परिवहन मान्य हुआ है।
इसके अलावा 1,87,026 क्विंटल धान को परिवहन करके हेराफेरी कर दी गई है। जिसमें से 16 ऐसे मिलर हैं जिन्होंने 1 करोड़ से ज्यादा की धान खपाई है तो वहीं 27 ऐसे मिलर हैं जिन्होंने 1 करोड़ से कम की धान खपाई है। जानकारी के अनुसार कुल 243 फर्जी वाहनों से 1033 ट्रिप में 2,45,400 क्विंटल धान का परिवहन किया गया है, जो कि राइस मिलरों ने खपा दी है। जिसके बाद जिला प्रशासन की जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने नान डीएम समेत 16 राइस मिलर्स, 12 अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
Created On :   20 Sept 2025 6:33 PM IST