- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- खजरी खिरिया बायपास चौराहे पर 20...
Jabalpur News: खजरी खिरिया बायपास चौराहे पर 20 करोड़ से बनेगा फ्लाईओवर
- फ्लाईओवर बनने से इसमें हाईवे का ट्रैफिक ऊपर से संचालित होगा
- शहर का सबसे बड़ा एक्सीडेंटल प्वाॅइंट है यह चौराहा, हर 2 से 3 माह में होता है हादसा
Jabalpur News: शहर के सबसे बड़े एक्सीडेंटल प्वाॅइंट हाईवे के खजरी खिरिया बायपास चौराहे पर 20 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर निर्मित किया जाएगा। नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ऑफ इण्डिया ने चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए टेण्डर भी जारी कर दिया है। विंटर सीजन के बाद इस चौराहे पर फ्लाईओवर का वर्क भी आरंभ कर दिया जाएगा। खजरी खिरिया बायपास चौराहा शहर का सबसे बड़ा एक्सीडेंटल प्वाॅइंट है।
इस चौराहे पर संरचना में बदलाव करने का सुझाव सड़क सुरक्षा समिति ने दिया था। बीते 5 सालों में अलग-अलग तरह से इसका आकलन किया गया जिसमें पाया गया कि इस चौराहे पर हर दो से तीन माह में एक बड़ा हादसा होता है। अंधमूक चौराहा, लम्हेटा चौराहा से ज्यादा हादसे इस चौराहे पर हो रहे हैं। 8 माह पहले मझौली की ओर से आ रहे तीन लोगों की यहां ट्रक के नीचे दबकर मौत हो गई थी।
तेज गति से आ रहे हैवी व्हीकल के सामने यहां वाहन चालक का बच पाना मुश्किल होता है। एनएचएआई ने पूरे आकलन के बाद इस चौराहे पर सबसे पहले फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया है।
चौराहे पर निकलना इसलिए मुश्किल
अमखेरा गोहलपुर से जो व्यक्ति मझौली, इन्द्राना जाना चाहता है वह इसी चौराहे से दोनों ओर से तेज गति से आ रहे वाहनों का सामना करता है। इसी तरह मझौली, इन्द्राना की ओर से जो व्यक्ति गोहलपुर की ओर आना चाहे तो यही स्थिति होती है।
चौराहे पर चार हिस्सों का ट्रैफिक जिसमें हाईवे में तेज गति से दौड़ रहे वाहनों के बीच निकल पाना मुश्किल होता है। जरा सी गफलत में इस चौरहे पर हादसा होता है। दुर्घटना इतनी भीषण होती है कि इसमें बच पाना असंभव होता है।
नई बसाहट से बढ़ा ट्रैफिक
अंधमूक चौराहे से लेकर पाटन, कटंगी और खजरी खिरिया बायपास चौराहे पर बीते एक दशक में इसलिए ट्रैफिक बढ़ा है कि यहां पर नजदीक ही नई-नई काॅलोनियां बस रही हैं। रिंग रोड से शहर की सीमा निर्धारित होने के बाद ज्यादा से ज्यादा लोग अब इस हाईवे के किनारे जमीन ले रहे हैं। हाईवे पर कई गुना ट्रैफिक बढ़ा, जिसके साथ हादसे भी बढ़े हैं।
जल्द काम चालू किया जाएगा
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृत लाल साहू का कहना है कि यह सबसे बड़ा दुर्घटना का ब्लैक स्पॉट है, जिसके लिए चौराहे की संरचना में बदलाव किया जाना है। यहां पर जो ब्रिज बनना है, हम उसकी टेण्डर प्रक्रिया के बाद जल्द काम चालू करेंगे। इसके लिए विभाग प्रक्रिया तेजी से कर रहा है।
Created On :   14 July 2025 6:56 PM IST