Jabalpur News: स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर को देश में मिला दूसरा स्थान

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर को देश में मिला दूसरा स्थान
  • उपलब्धि जबलपुर नगर निगम को मिला एक करोड़ रुपए का पुरस्कार
  • अर्बन फाॅरेस्ट के कारण शहर को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में अव्वल स्थान मिल पाया है।

Jabalpur News: स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025 में जबलपुर को देश में दूसरा स्थान मिला है। पिछले साल भी शहर स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देश में दूसरे नंबर पर आया था। मंगलवार को दिल्ली में आयोजित समारोह में केन्द्रीय पर्यावरण व वन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त प्रीति यादव को एक करोड़ रुपए का पुरस्कार प्रदान किया।

इस मौके पर पर्यावरण मंत्री श्री यादव ने कहा कि देश के अन्य शहरों को भी जबलपुर का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी और स्वच्छता अभियान को जनअभियान बनाना होगा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार ने भी जबलपुर शहर के प्रयासों को सराहनीय बताया।

इस मौके पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा है कि देश के बेहतरीन शहरों में जबलपुर की नई पहचान बन रही है। हाल में ही जबलपुर शहर को स्वच्छता में देश में पांचवां स्थान मिला है। शहर में सघन पौधारोपण, ग्रीन वॉल, पाथवे, धूल रहित सड़कों के निर्माण, उद्यानों का निर्माण और डी-फॉगर मशीन चलाने से स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर को देश में दूसरा स्थान मिल पाया है।

यह उपलब्धि शहर के नागरिकों के सहयोग से मिल पाई है। निगमायुक्त प्रीति यादव ने कहा है कि अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत से शहर को बड़ी उपलब्धि मिल पाई है। आने वाले समय में हम स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर को देश में नंबर वन बनाने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर उपायुक्त संभव अयाची और अभिनव मिश्रा भी मौजूद थे।

शहर को मिली है 7 स्टार रेटिंग

जबलपुर शहर को स्वच्छता में देश में पांचवां नंबर मिलने के साथ ही 7 स्टार रेटिंग भी मिली है। इसके साथ ही संस्कारधानी को वाॅटर प्लस और गार्बेज फ्री सिटी का भी गौरव प्राप्त हुआ है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू का कहना है कि अब शहर को स्वच्छता के साथ ही स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भी नंबर वन बनाना है।

शहर में दो अर्बन फाॅरेस्ट

शहर में डुमना नेचर पार्क और मदन महल की पहाड़ियों में अर्बन फाॅरेस्ट मौजूद हैं। जो शहर की वायु को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके कारण शहर की वायु काफी हद तक स्वच्छ रहती है। अर्बन फाॅरेस्ट के कारण शहर को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में अव्वल स्थान मिल पाया है।

पराली, तंदूर पर लगाई रोक- जिला प्रशासन और नगर निगम ने मिलकर पराली जलाने और तंदूर पर सख्ती से रोक लगाई है। इसके कारण शहर के आसपास की भी आबोहवा प्रदूषित होने से बच सकी है। सर्वेक्षण के दौरान पाया गया कि जबलपुर के आसपास बहुत कम पराली जलाई।

Created On :   10 Sept 2025 5:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story