Jabalpur News: रिमझिम बारिश में ही कई जगह भरा पानी, नगर निगम को कोई फिक्र नहीं

रिमझिम बारिश में ही कई जगह भरा पानी, नगर निगम को कोई फिक्र नहीं
  • मदन महल अंडरब्रिज और कलेक्ट्रेट के लेफ्ट टर्न में हुआ जलभराव
  • जल निकासी के इंतजाम नाकाफी आगे और ज्यादा मुश्किलें बढ़ाएंगे
  • कलेक्ट्रेट चौक के लेफ्ट टर्न में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा

Jabalpur News: शहर में वर्षा जल निकासी के इंतजाम कैसे हैं, इसका ट्रेलर रिमझिम बारिश में ही देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को रिमझिम बारिश में ही कृषि उपज मंडी और ट्रांसपोर्ट नगर में जगह-जगह पानी भर गया। यहां पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। इसके साथ ही मदन महल अंडरब्रिज और कलेक्ट्रेट के लेफ्ट टर्न में भी जलभराव हो गया। इससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रिमझिम बारिश में ही कृषि उपज मंडी में कई जगह पानी भर गया। कई जगह पर कीचड़ हो गया। इससे यहां पर हालात बिगड़ गए। यहां पर खरीददारी के लिए पहुंचे लोगों ने कहा कि इसके बाद भी नगर निगम की टीम यहां पर पानी निकासी के लिए नहीं पहुंची। वहीं दूसरी तरफ ट्रांसपोर्ट नगर की सड़क पर पानी भरने से वाहनों के आवागमन में दिक्कत हो रही है। ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो गई।

लेफ्ट टर्न पर भर रहा पानी

कलेक्ट्रेट चौक के लेफ्ट टर्न में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे लोग लेफ्ट टर्न का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। इसके कारण जाम लग रहा था। नागरिकों का कहना है कि कलेक्ट्रेट चौक लेफ्ट टर्न पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है।

नालियां चोक होने से कॉलोनियों की सड़क पर भरा पानी

नगर निगम की ओर से दावा किया जा रहा है कि सभी कॉलोनियों की नालियां साफ कर दी गई हैं। हकीकत यह है कि कई कॉलोनियों की नालियां साफ ही नहीं हुई हैं। नालियां चोक होने से सड़क पर पानी भर रहा है। विजय नगर, अधारताल, त्रिमूर्ति नगर, कृष्णा कॉलोनी, गुलौआ, संजीवनी नगर, गंगा नगर, मदन महल, प्रेम नगर पोस्ट-ऑफिस, रामपुर, अमखेरा, मांडवा बस्ती, कजरवारा और शास्त्री नगर में पानी भर गया।

फोन नहीं उठा रहे अधिकारी

कॉलोनियों में पानी भरने पर जब लोग फोन कर रहे हैं तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं। इससे लोगों की परेशानी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई करानी चाहिए।

नाले और नालियों की सफाई का काम अंतिम चरण में चल रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां से भी जलभराव की शिकायत मिलती है, उस पर तत्काल कार्रवाई करें।

- प्रीति यादव, निगमायुक्त

Created On :   21 Jun 2025 6:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story