Jabalpur News: एक तरफ सौंदर्यीकरण की बातें, दूसरी ओर तालाब के किनारे ही बना दिया है कचरे का डम्पिंग पाॅइंट

एक तरफ सौंदर्यीकरण की बातें, दूसरी ओर तालाब के किनारे ही बना दिया है कचरे का डम्पिंग पाॅइंट
  • अधारताल तालाब के हाल: सुबह-शाम सैर के लिए आने वाले नागरिक नगर निगम की कार्यशैली से हैरान
  • तालाब के किनारे रोजाना बड़े पैमाने पर कचरा एकत्र किया जा रहा है।

Jabalpur News: नगर निगम द्वारा एक तरफ अधारताल तालाब का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ तालाब के किनारे कचरे का डम्पिंग पाॅइंट बना दिया गया है। यहां पर घूमने आने वाले लोग कचरे की दुर्गंध से परेशान हो रहे हैं। हालत यह है कि यहां पर पांच मिनट खड़ा होना भी दूभर हो रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों की शिकायत के बाद भी यहां से कचरे का डम्पिंग पाॅइंट नहीं हटाया जा रहा है।

क्षेत्रीय नागरिक राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि अधारताल तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा था। हाल ही में नगर निगम ने 1.20 करोड़ की लागत से अधारताल तालाब का सौंदर्यीकरण का काम शुरू कराया है। 15 दिन पहले से नगर निगम ने तालाब के किनारे कचरे का डम्पिंग पाॅइंट बना दिया है। तालाब के किनारे रोजाना बड़े पैमाने पर कचरा एकत्र किया जा रहा है।

बड़ी संख्या में यहां घूमने आते हैं लोग

अधारताल तालाब के किनारे सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग घूमने के लिए आते हैं। क्षेत्रीय नागरिक हृदयेश सोनी और नरेन्द्र कुरोलिया का कहना है कि तालाब के किनारे कचरा डम्पिंग पाॅइंट बनाने से यहां पर माहौल दूषित हो गया है। अब यहां पर लोग घूमने आना पसंद नहीं कर रहे हैं।

पांच मिनट खड़ा होना भी मुश्किल

बारिश होने के कारण अधारताल तालाब के किनारे कचरे से दुर्गंध उठ रही है। इससे यहां पर पांच मिनट भी खड़ा होना मुश्किल हो रहा है। क्षेत्रीय नागरिक राजकुमार रजक का कहना है कि जब यहां पर नगर निगम को कचरा डम्पिंग पाॅइंट ही बनाना था तो अधारताल तालाब का सौंदर्यीकरण क्यों किया जा रहा है। इस पर नगर निगम के अधिकारियों को विचार करना चाहिए।

संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा

अधारताल तालाब के किनारे कचरा डम्पिंग पॉइंट बनाने से यहां पर संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि जिस जगह पर बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं, वहां पर कचरे का डम्पिंग पाॅइंट नहीं बनाना चाहिए। कचरे की वजह से कई तरह की बीमारियां फैल सकती हैं। नगर निगम के अधिकारी आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। यहां पर डम्पिंग पाॅइंट बनाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

अधारताल तालाब के किनारे कचरा डम्पिंग पाॅइंट बनाने की शिकायत मिली है। यहां से जल्द ही कचरा हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

-अंकिता बर्मन, स्वास्थ्य अधिकारी

Created On :   1 July 2025 2:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story