Jabalpur News: आज से 8 घंटे पहले बनेगा ट्रेन का पहला आरक्षण चार्ट

आज से 8 घंटे पहले बनेगा ट्रेन का पहला आरक्षण चार्ट
  • यात्रियों को बड़ी राहत: मंगलवार की रात से जबलपुर मंडल में लागू होगी नई व्यवस्था, इससे कर सकेंगे यात्रा की प्लानिंग
  • ट्रेन प्रस्थान सुबह 5 से दोपहर 2 बजे तक, तो चार्ट पिछली रात 9 बजे तक तैयार होगा।

Jabalpur News: यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड ने आरक्षण चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब ट्रेनों का पहला आरक्षण चार्ट प्रस्थान समय से 8 घंटे पहले बनाया जाएगा। जबलपुर मंडल में यह नई व्यवस्था 15/16 जुलाई की मध्यरात्रि से लागू की जाएगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि पहले यह चार्ट ट्रेन छूटने से 4 घंटे पहले तैयार किया जाता था।

अब बदलाव के बाद यात्रियों को प्रतीक्षा सूची (WL) या आरएसी (RAC) टिकट की स्थिति पहले से पता चल सकेगी, जिससे यात्रा की योजना बनाना आसान होगा। डॉ. वर्मा ने बताया कि इस बदलाव से यात्रियों को कन्फर्म टिकट की स्थिति पहले ही मिल जाएगी, जिससे उनकी संतुष्टि और यात्रा की प्लानिंग दोनों में सुधार होगा।

इस प्रकार होगी नई समय-सारिणी

ट्रेन प्रस्थान सुबह 5 से दोपहर 2 बजे तक, तो चार्ट पिछली रात 9 बजे तक तैयार होगा।

प्रस्थान दोपहर 2 से रात्रि 11:59 बजे या मध्यरात्रि 12 से सुबह 5 बजे तक, चार्ट 8 घंटे पूर्व बनेगा।

दूसरे चार्ट की प्रक्रिया पहले की तरह ही लागू रहेगी।

रिमोट लोकेशन (दूरस्थ स्टेशनों) पर भी यह नियम लागू होगा।

21 यात्रियों पर आरपीएफ ने ठोका जुर्माना

रेल सुरक्षा बल ने विगत दिवस मदन महल स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान विभिन्न ट्रेनों में महिला डिब्बों में सफर कर रहे पुरुष यात्रियों और सामान्य यात्रियों को दिव्यांग कोच में यात्रा करते हुए पकड़ा गया। आरपीएफ ने सभी 21 यात्रियों को तुरंत कोच से उतारा और नियमानुसार जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को जागरूक करने के साथ-साथ आगे से नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   15 July 2025 2:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story