- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मकान के लेवल से ऊंची बना दी सड़क,...
Jabalpur News: मकान के लेवल से ऊंची बना दी सड़क, नहीं खुल पा रहे कई घरों के दरवाजे

- बड़ी लापरवाही: तुलसी नगर रांझी में आरईएस का कारनामा, घरों में भरेगा बारिश का पानी
- इंजीनियरों की इस अनदेखी ने कई परिवारों की समस्या को जीवन भर के लिए बढ़ा दिया है।
Jabalpur News: रूरल इंजीनियरिंग सर्विस (आरईएस) शहर में किस तरीके से सड़क का निर्माण कर रहा है, इसकी बानगी रांझी तुलसी नगर स्थित साईं मंदिर के पास देखी जा सकती है। यहां पर मकान के लेवल से एक फुट ऊंची सड़क बना दी गई है। लोगों के दरवाजे तक नहीं खुल पा रहे हैं। सड़क ऊंची होने से घरों में बारिश का पानी भी भरने लगा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि क्षेत्रीय नागरिकों ने पुरानी सड़क को खोदकर नई सड़क का निर्माण करने के लिए कहा था, ताकि उनके घरों में पानी नहीं भरे। आरईएस के इंजीनियरों ने नागरिकों की मांग को अनदेखा कर दिया। इंजीनियरों की इस अनदेखी ने कई परिवारों की समस्या को जीवन भर के लिए बढ़ा दिया है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि तुलसी नगर में विधायक निधि से 6 लाख रुपए की लागत से सीमेंट सड़क का निर्माण चल रहा है। निर्माण होने के पूर्व क्षेत्रीय नागरिकों ने आरईएस के इंजीनियरों को बताया कि तुलसी नगर में पुरानी सड़क मकानों के लेवल पर है। इसलिए पुरानी सड़क को खोदकर नई सड़क का निर्माण कराया जाए।
यदि पुरानी सड़क के ऊपर नई सड़क बना दी गई तो सड़क मकानों के लेवल से ऊंची हो जाएगी। इससे लोगों के घरों में जलभराव होगा। इस मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी की गई। इसके बाद भी पुरानी सड़क के ऊपर नई सड़क बना दी गई।
8 इंच मोटी सड़क स्वीकृत, बना रहे 4 इंच की
आरईएस ने तुलसी नगर में 8 इंच मोटी सड़क स्वीकृत की है, लेकिन सड़क चार मोटी बनाई जा रही है। वहीं सड़क के नीचे बेस भी नहीं बनाया जा रहा है। बेस की जगह पर मलबा भरा जा रहा है। आरईएस का कोई इंजीनियर मौजूद नहीं होने के कारण ठेकेदार द्वारा खुली मनमानी की जा रही है। क्षेत्रीय नागरिक जब सड़क की मोटाई को लेकर सवाल कर रहे हैं, तो ठेकेदार द्वारा कहा जा रहा है कि इंजीनियर साब ने 4 इंच मोटी सड़क बनाने के लिए कहा है।
पुरानी गलती से भी नहीं लिया सबक
तुलसी नगर में साईं मंदिर के आगे वाली गली में भी आरईएस ने मकान के लेवल से एक फुट ऊंची सड़क बनाई है। बारिश में यहां पर घरों में पानी भर गया था। इसके बाद भी आरईएस ने पुरानी गलती से सबक नहीं लिया। यहां पर दूसरी गली की सड़क भी एक फुट ऊंची बना दी। इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ेगा।
सड़क किनारे की नहीं कराई बाइंडिंग
मकान के लेवल से सड़क ऊंची हो जाने से कई घरों के दरवाजे तक नहीं खुल रहे हैं। इससे लोगों का घर से वाहन निकालना मुश्किल हो रहा है। लोगों को अब दरवाजा ऊंचा कराना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ सड़क के किनारे बाइंडिंग भी नहीं कराई गई है। इससे वाहन अंदर ले जाने और बाहर निकालने में परेशानी हो रही है।
तुलसी नगर रांझी में सीमेंट सड़क का निर्माण किया जा रहा है। यहां पर पुरानी सड़क को खोदकर नई सड़क बनाने की मांग की जा रही थी, जो तकनीकी कारणों से संभव नहीं है। यहां पर जल निकासी के लिए दोनों तरफ नाली बनाने के लिए कहा गया है।
- सुमित शुक्ला, कार्यपालन यंत्री, आरईएस
Created On :   20 Aug 2025 2:21 PM IST