- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- करोड़ों की लागत से कुछ माह पहले बना...
Jabalpur News: करोड़ों की लागत से कुछ माह पहले बना दर्शक दीर्घा का शेड हल्की सी हवा में उड़ा

- रांझी में हुआ है भव्य खेल परिसर का निर्माण, अब घटिया काम छिपाने के प्रयास
- रविवार की शाम को तेज हवा चली और परिसर में दर्शक दीर्घा में लगे शेड उड़ गये।
- ढाई महीने में ही निर्माण कार्य के शेड उड़ने लगे इससे पता चलता है कि निर्माण में किस तरह की लापरवाही बरती गई है।
Jabalpur News: करोड़ों की लागत से रांझी में बने भव्य खेल परिसर में किस तरह की लापरवाही बरती गई इसकी पोल विगत दिवस तब खुल गई जब हवा और तूफान में यहां के सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रैक की दर्शक दीर्घा की शेड उड़ गई। पिछले कुछ दिनों से चल रहे मौसम के बदलाव के कारण हवा, आंधी और बारिश का दौर चल रहा है जिससे यहां लगे शेड क्षतिग्रस्त हो गये थे। इसे छिपाने का प्रयास किया जा रहा था और सुधार कार्य चल रहा था, इसी दौरान रविवार की शाम को तेज हवा चली और परिसर में दर्शक दीर्घा में लगे शेड उड़ गये।
यह तो गनीमत थी कि उस दौरान खेल परिसर के आसपास खिलाड़ी नहीं थे जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि जिस खेल परिसर की दर्शक दीर्घा की शेड उड़ी है उसका लोकार्पण अभी फरवरी माह में ही हुआ है। हालांकि खेल विभाग के अधिकारी मामले को दबाने में लगे हुए थे।
खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत निर्माण
खेलों को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप खेल सुविधाओं के विकास के लिये रांझी में राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत लगभग 26 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से खेल परिसर बनाया गया है जिसमें खिलाड़ियों के हॉस्टल, तकनीकी भवन, पवेलियन और दर्शक गैलरी का निर्माण कराया गया है। 19 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री ने इस खेल परिसर का लोकार्पण किया था। ढाई महीने में ही निर्माण कार्य के शेड उड़ने लगे इससे पता चलता है कि निर्माण में किस तरह की लापरवाही बरती गई है।
खेल परिसर के पुराने भवन की शेड उड़ी है उसका निर्माण वर्ष 2023 में किया गया था, वहां का भी एक हिस्सा जो क्षतिग्रस्त हुआ था उसका सुधार चल रहा था वह हवा के कारण उड़ गया है।
-अशोक पांडे, जिला खेल अधिकारी
Created On :   5 May 2025 12:47 PM IST