मौसम की मार: बगैर पासपोर्ट-वीजा के 178 मुंबईकरों की हो गई विदेश लैंडिंग, जाना था गुवाहाटी

बगैर पासपोर्ट-वीजा के 178 मुंबईकरों की हो गई विदेश लैंडिंग, जाना था गुवाहाटी
  • 178 मुंबईकरों की विदेश लैंडिंग हो गई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो फ्लाइट की शनिवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। गुवाहाटी में घने कोहरे के कारण फ्लाइट लैंड नहीं हो सकी और फिर उसे ढाका एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। 178 यात्रियों को लेकर उड़ान भरी यह फ्लाइट डोमेस्टिक होने के कारण यात्रा कर रहे सारे यात्री बिना पासपोर्ट-वीजा के ढाका पहुंच गए। ऐसे में यात्रियों को ढाका में फ्लाइट से उतरने की अनुमति नहीं दी गई।

178 यात्रियों को करीब 12 घंटे फ्लाइट में ही बैठे रहना पड़ा

इस वजह से सभी 178 यात्रियों को करीब 12 घंटे फ्लाइट में ही बैठे रहना पड़ा। जानकारी के मुताबिक मुंबई से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई 5319 शुक्रवार की रात 8:20 बजे उड़ाने भरने वाली थी। इसे रात 11:10 बजे गुवाहाटी पहुंचना था। लेकिन मुंबई से ही यह फ्लाइट 11:12 बजे चली थी। शनिवार सुबह 3:26 बजे तक इसे गुवाहाटी पहुंचना था, लेकिन घने कोहरे के कारण इसे डायवर्ट करना पड़ा। यह फ्लाइट सुबह 4 बजे ढाका पहुंची। वहां से सुबह 10:54 बजे रवाना हुई और 11:10 बजे गुवाहाटी पहुंची।

12 घंटे में यूरोप पहुंच जाते

इस फ्लाइट में कांग्रेस नेता सूरज सिंह ठाकुर सफर कर रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की जानकारी दी। उन्होंने शनिवार सुबह 6:56 बजे बताया कि मैं पिछले 9 घंटे से विमान में फंसा हूं। मैं मणिपुर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए निकला था। देखते हैं हम कब तक गुवाहाटी पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि करीब 12 घंटे की फ्लाइट के बाद मैं यूरोप पहुंच जाता। हालांकि, मैं गुवाहाटी पहुंचकर खुश हूं।

इंडिगो एयरलाइंस की थी यह योजना

एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने घटना को लेकर बताया कि फ्लाइट को पहले कोलकाता या भुवनेश्वर में लैंड करने की योजना थी। हालांकि, कोलकाता में भी मौसम खराब था, जबकि भुवनेश्वर में रनवे बंद था। इसलिए फ्लाइट को ढाका में डायवर्ट किया गया।



Created On :   14 Jan 2024 9:27 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story