मुंबई में 7 दिन देर से दस्तक देगा मानसून

मुंबई में 7 दिन देर से दस्तक देगा मानसून
10 की बजाय 16 को दे सकता है दस्तक

डिजिटल डेस्क, मुंबई । गर्मी के बाद मॉनसून के सीजन में भी इस बार परिवर्तन देखा जा रहा है। इस बार मौसम विभाग ने मुंबई में मॉनसून देरी से पहुंचने का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बार मॉनसून एक सप्ताह देरी से दस्तक देगा। आमतौर पर मुंबई में मॉनसून 10 जून तक दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार यह 16 जून को दस्तक दे सकता है। इस वर्ष मॉनसून के देरी से आने का वर्ष 2020 का भी रिकॉर्ड टूट जाएगा। वर्ष 2020 में मुंबई में मॉनसून चार दिन देरी से यानी 14 जून को पहुंचा था।

कम दबाव का क्षेत्र अहम

क्षेत्रीय मौसम विभाग के मुताबिक आमतौर पर केरल में मॉनसून 1 जून को दस्तक देता है। हालांकि इस बार मौसम वैज्ञानिकों ने चार दिन देरी से मॉनसून आने का अनुमान जताया है। वरिष्ठ मौसम अधिकारी ने बताया कि इस बार केरल में मॉनसून के 5 जून को पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद यह मुंबई कब पहुंचता है, यह फिलहाल कहा नहीं जा सकता है, क्योंकि एक कम दबाव का क्षेत्र 5 जून के बाद केरल में बन रहा है। यह लो प्रेशर का क्षेत्र किस दिशा में जाएगा, इसके आधार पर ही मुंबई में मॉनसून पहुंचने का अनुमान लगाया जा सकता है।

लो प्रेशर ओमान गया, तो होगी देरी

क्षेत्रीय मौसम विभाग की वरिष्ठ मौसम अधिकारी ने बताया कि केरल में 5 जून के बाद बन रहा एक कम दबाव का क्षेत्र अगर उत्तर पश्चिम यानी ओमान, सिंध या पाकिस्तान की ओर बढ़ेगा, तो यह पूरी नमी उस ओर खींच ले जाएगा, जिससे मुंबई में मॉनसून और देरी से पहुंचेगा। अगर यह कम दबाव का क्षेत्र उत्तर कर्नाटक की ओर बढ़ता है, तो मुंबई में मॉनसून थोड़ा लेट पहुंचेगा।

जून में बारिश होगी कम

मुंबई में देरी से पहुंचने के बाद भी जून में बारिश कम ही होगी। 15 जून को हल्की बारिश के बाद इस महीने के अंत में ही बारिश का थोड़ा जोर देखने को मिल सकता है। आमतौर पर जून में 526 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार मौसम विभाग ने इससे भी कम बारिश होने का अनुमान जताया है।

कब हुआ मॉनसून का आगमन

वर्ष तारीख

2013- 8 जून

2014-12 जून

2015-8 जून

2016- 20 जून

2017- 10 जून

2018- 9 जून

2019- 25 जून

2020- 14 जून

2021-9 जून

2022-11 जून

मुंबई की झीलों में पानी का जलस्तर

जलाशय उपयोगी जल प्रतिशत

अपर वैतरणा 000 (000)

मोड़क सागर 35541 ( 27.57)

तानसा 34680 (23.90)

मध्य वैतरणा 22006 (11.37)

भातसा 71917 (10.03)

विहार 7452 (26.91)

तुलसी 2521 (12.03)

कुल 174116 (12.05)

Created On :   3 Jun 2023 2:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story