मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने दोनों उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों के साथ किया बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा

मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने दोनों उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों के साथ किया बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा
फडणवीस सरकार किसानों के द्वार, अजित पवार बोले - बाढ़ प्रभावित किसानों को जल्द ही सहायता मिलेगी

Mumbai News. महाराष्ट्र के कई जिलों में हुई अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी नुकसान हुआ है। इसी को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने अलग-अलग बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा कर स्थितियों की समीक्षा की और नागरिकों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। इस दौरान कुछ मंत्रियों को छोड़कर ज्यादातर मंत्रियों ने अलग-अलग जिलों में जाकर बाढ़ से प्रभावित इलाकों का जाएजा लिया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सबसे ज्यादा नुकसान मराठवाड़ा क्षेत्र में हुआ है, जहां गांव के गांव जल मग्न हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में अपने नागरिकों के साथ खड़ी हुई है। जल्द ही बाढ़ग्रस्त लोगों को सरकारी सहायता देनी शुरू होगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोलापुर के गांवों का दौरा किया

मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोलापुर जिले के माढा तहसील के निमगांव और दारफल गांवों का दौरा किया, जहां उन्होंने बाढ़ से प्रभावित नागरिकों से संवाद साधा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में ज्यादातर गांवों में घरों, फसलों और पशुओं का व्यापक नुकसान हुआ है। राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में राज्य की जनता के साथ है। उन्होंने कहा कि नुकसान की भरपाई के लिए सभी पात्र नागरिकों को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी। फडणवीस ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में बाढ़ राहत के लिए दो हजार करोड़ का विशेष पैकेज मंजूर किया गया है। इसके अंतर्गत रास्ते, स्कूल, बिजली व्यवस्था, खेती व घरों के लिए सहायता दी जाएगी। फडणवीस ने कहा कि व्यापारियों को हुए नुकसान के लिए भी अलग से पैकेज दिया जाएगा। ड्रोन और मोबाइल से किए गए पंचनामों को वैध माना जाएगा।

अजित पवार ने करमाला, माढा और मोहोल तहसीलों का निरीक्षण किया

उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने करमाला, माढा और मोहोल के क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ और भारी बारिश के कारण उड़द, मक्का, सोयाबीन, तूर जैसी फसलों, घरों और पशुओं को भारी नुकसान हुआ है। सरकार इन सभी किसानों और नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है। अजित ने कहा कि उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी नुकसान का पंचनामा शीघ्र पूरा किया जाए और प्रभावित लोगों को तत्काल अन्न, पानी, बिजली और दवाई जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। अजित ने अस्थायी पुनर्वास केंद्र का भी दौरा किया और पीड़ितों की समस्याएं सुनीं।

नियमों में ढील लाएंगे- शिंदे

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे धाराशिव पहुंचे और वहां उन्होंने पालकमंत्री प्रताप सरनाईक के साथ बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। शिंदे ने कहा कि जंहा-जंहा उन्होंने दौरा किया है वहां के हालात खराब हैं। हमें नियमों में कुछ छूट देनी होगी। इस दौरान शिंदे ने जरुरी सामानों के साथ किट का वितरण भी किया।

भुजबल और हसन मुश्रीफ नहीं पहुंचे

मुख्यमंत्री फडणवीस ने मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सभी मंत्रियों को बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करने का आदेश दिया था। लेकिन छगन भुजबल और हसन मुश्रीफ मुंबई में ही रहे। जब भुजबल से यह पूछा गया कि मुख्यमंत्री के आदेश के बाद वह बाढ़ग्रस्त इलाकों में क्यों नहीं पहुंचे तो उन्होंने कहा कि वह किसी जिले के पालकमंत्री नहीं हैं, इसलिए नहीं गए।

दौरे की मुख्य बातें:

  • • बाढ़ राहत के लिए 2,000 करोड़ का विशेष निधि स्वीकृत।
  • • सभी प्रभावित नागरिकों को मदद देने का सरकार का संकल्प।
  • • पंचनामे तेजी से पूरे कर सहायता वितरण शुरू होगी।
  • • अस्थायी पुनर्वास केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश।

Created On :   24 Sept 2025 8:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story