- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राकांपा अजित गुट के मंत्री- सांसद-...
Mumbai News: राकांपा अजित गुट के मंत्री- सांसद- विधायक एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री सहायता निधि में देंगे

Mumbai News. राज्य में हुई अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण उत्पन्न आपातकालीन स्थिति में तात्कालिक राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राकांपा (अजित) ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राकांपा (अजित) प्रदेशाध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने कहा है कि पार्टी के सभी मंत्री, सांसद और विधायक एक महीने का पूरा वेतन मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा करेंगे। ऐसा पार्टी अध्यक्ष अजित पवार के आदेश पर किया जा रहा है। तटकरे ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार स्वयं अपने सहकारी मंत्रियों के साथ बाढ़ग्रस्त जिलों का दौरा कर हालातों की प्रत्यक्ष समीक्षा कर रहे हैं। वे सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रभावित नागरिकों को तुरंत राहत मिल सके और प्रशासन की सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रूप से काम करें।
तटकरे ने कहा है कि किसान, मजदूर और सामान्य जनता इस कठिन समय में जिन चुनौतियों से जूझ रही है, उनमें राकांपा (अजित) उनके साथ मजबूती से खड़ी है। यह सिर्फ शुरुआत है, आने वाले समय में और भी राहत और पुनर्वास के उपायों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का यह निर्णय न केवल पार्टी की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि यह भी प्रमाणित करता है कि राकांपा (अजित) केवल सत्ता में नहीं बल्कि संकट की घड़ी में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
Created On :   24 Sept 2025 8:03 PM IST