स्वास्थ्य से जुड़ा मामला: तुकाराम मुंढे की कार्रवाई पर बोले मुख्यमंत्री - लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

तुकाराम मुंढे की कार्रवाई पर बोले मुख्यमंत्री - लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
  • मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत थी
  • कार्रवाई जारी है और आगे भी जारी रहेगी

Mumbai News. महाराष्ट्र में अपनी सख्त और बेबाक कार्यशैली के लिए चर्चित आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की ओर से खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुलकर समर्थन किया है। मुख्यमंत्री ने एफडीए की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। फडणवीस ने कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत थी, कार्रवाई जारी है और आगे भी जारी रहेगी।

एफडीए की कार्रवाई से फडणवीस संतुष्ट

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एफडीए की कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि राज्य में एफडीए की ओर से जोरदार कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या निर्धारित गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन केवल प्रशासनिक नियमों का मामला नहीं है, बल्कि इससे सीधे तौर पर लोगों के जीवन और स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है।फडणवीस ने कहा कि जब खाद्य पदार्थों में मिलावट होती है या गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जाता, तो इसका सीधा असर आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करना जरूरी है।

लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा है मामला

मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रशासन को पूरी गंभीरता के साथ काम करना चाहिए। लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई करना सरकार की जिम्मेदारी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि एफडीए की ओर से जो कार्रवाई शुरू की गई है, वह लगातार जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि इस तरह की कार्रवाई की जा रही है और खाद्य सुरक्षा के मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एफडीए की ओर से दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों और संबंधित संस्थानों की जांच तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

Created On :   18 Aug 2026 9:50 PM IST

Tags

Next Story