खुलासा: दो दिनों पहले ही नेवी जवान ने कर ली थी अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या और खुदकुशी की तैयारी, कफ परेड पुलिस ने दर्ज किया दुकानदार का बयान

दो दिनों पहले ही नेवी जवान ने कर ली थी अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या और खुदकुशी की तैयारी, कफ परेड पुलिस ने दर्ज किया दुकानदार का बयान
  • 12 अगस्त को नेवी नगर इलाके की ही एक दुकान से खरीदी थी नॉयलॉन की रस्सी
  • 14 अगस्त की रात दिया वारदात को अंजाम

Mumbai News. दिवाकर सिंह. मुंबई के नेवी नगर इलाके में नेवी जवान पूरणमल मेहरा द्वारा की अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या और उसके बाद ख़ुद के आत्महत्या कर लेने के मामले में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच से जुड़े सूत्रो के अनुसार, कफ परेड पुलिस की जांच में सामने आया है कि पूरणमल मेहरा ने अपनी पत्नी ओमा मेहरा, दो बच्चों यश और दर्श मेहरा की हत्या करने और उसके बाद ख़ुद फाँसी लगाकर आत्महत्या करने की योजना दो दिनों पहले ही बना ली थी। सूत्रों के मुताबिक़, पूरणमल ने 12 अगस्त को नेवी नगर इलाक़े में ही उसके घर के पास मौजूद एक दुकान से नायलॉन की रस्सी ख़रीदी थी, हालांकि रस्सी के लिए उसने दुकानदार को कितनी रकम चुकाई, यह फ़िलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन 12 अगस्त को दुकान से रस्सी ख़रीदने के बाद उसने 14 अगस्त की देर रात को ही पत्नी व दोनों बच्चों की हत्या की और फिर खरीदी गई रस्सी के ज़रिए ख़ुद आत्महत्या कर ली। कफ़ परेड पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को उस दुकानदार का बयान दर्ज कर लिया है, जिसने पूरणमल को रस्सी बेची थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूरणमल और उसके परिवार का शव हमें 15 अगस्त की रात को हमने बरामद किया था, लेकिन हम यह मानकर चल रहे हैं कि 14 अगस्त की रात 11 बजे अपने परिवार को मैसेज करने के बाद पूरणमल ने पत्नी और बच्चों की पहले हत्या की, उसके बाद ख़ुद आत्महत्या कर ली। हमें विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अब भी इंतज़ार है।

सूत्रों की मानें तो प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि पूरणमाल ने अपने बड़े बेटे यश की हत्या जहर देकर की, लेकिन पुलिस को उसके घर से अब तक जहर का कोई अंश नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस ने सामने सबसे बड़ी चुनौती उस जहर का पता और पूरणमल ने उसे कहाँ से खरीदा था, इसका पता लगाना है। इसका पता लगाने के लिए पुलिस पूरणमल और उसकी पत्नी के फ़ोन को फोरेंसिक जाँच के लिए भेजा है, ताकि डेटा रिट्रीव होने के साथ-साथ कुछ अहम सुराग मिल सके। अब तक की जाँच में पुलिस ने उस तकिये को बरामद कर लिया है, किसी पूरणमल ने अपनी पत्नी और छोटे बेटे की हत्या की थी। सूत्रों का दावा है कि तमाम साक्ष्यों और केस से जुड़े लोगों का बयान दर्ज करने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस इस मामले में जल्द ही पूरणमल के ख़िलाफ़ हत्या का केस दर्ज कर सकती है। मामले में आगे की जांच फिलहाल जारी है।

Created On :   18 Aug 2026 9:46 PM IST

Tags

Next Story