आघाडी में कोई भ्रम नहीं!: पीएम मोदी से शरद गुट के 8 सांसदों की मुलाकात से पहले फडणवीस-जयंत पाटील ने एक साथ किया हवाई सफर

पीएम मोदी से शरद गुट के 8 सांसदों की मुलाकात से पहले फडणवीस-जयंत पाटील ने एक साथ किया हवाई सफर
  • राज्य की सियासत में तेज हुई सियासी हलचल
  • राऊत बोले- सुले से मेरी बात हुई, आघाडी में कोई भ्रम नहीं

Mumbai News. राकांपा (शरद) कार्याध्यक्ष सुप्रिया सुले समेत पार्टी के 8 सांसद सोमवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने वाले हैं। इस मुलाकात से पहले ही महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। एक ओर शरद गुट के सांसदों की प्रधानमंत्री से प्रस्तावित मुलाकात को लेकर राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर राकांपा (शरद) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटील और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के एक साथ विमान से मुंबई से कोल्हापुर जाने की खबर ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है। इस विमान यात्रा के दौरान महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर भी मौजूद थे। तीनों नेताओं के एक साथ सफर करने की जानकारी सामने आने के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जाने लगे हैं।

फडणवीस- पाटील की विमान यात्रा से भी बढ़ी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सुप्रिया सुले समेत आठ सांसदों की मुलाकात से पहले शरद गुट के वरिष्ठ नेता जयंत पाटील और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का एक ही विमान में मुंबई से कोल्हापुर जाना भी चर्चा का विषय बन गया है। सूत्रों के अनुसार विमान में फडणवीस और पाटील के बीच कुछ देर तक चर्चा हुई। हालांकि विमान के अंदर दोनों ही नेता अलग-अलग सीट पर बैठे थे। विमान में यात्रा करने वाले विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि यह महज एक इत्तेफाक था कि जयंत पाटील भी हमारे साथ इसी विमान में मौजूद थे। इसको लेकर चर्चा करने की कोई आवश्यकता नहीं है। केवल विमान में एक साथ यात्रा करने से किसी राजनीतिक निर्णय या बातचीत का निष्कर्ष निकालना ठीक नहीं है।

सुले से हुई राऊत की बात

रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान राऊत ने कहा कि उनकी सुप्रिया सुले से बात हुई है। उन्होंने कहा कि महाविकास आघाड़ी के भीतर इस मुलाकात को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए। राऊत के अनुसार, विपक्षी दलों के सांसदों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री विपक्षी सांसदों से मुलाकात नहीं करते और संसद में भी उनकी मौजूदगी कम रहती है। इसके कारण महाराष्ट्र के कई सांसदों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित हैं। यही कारण है कि शरद गुट के सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मांगा था।

‘आठों सांसद अपने क्षेत्र के मुद्दे प्रधानमंत्री के सामने रखेंगे’

राऊत ने कहा कि इन आठ सांसदों के अलग-अलग सवाल हैं। ये मुद्दे उनके संबंधित राज्यों, जिलों और चुनाव क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं। इसलिए इन सभी मुद्दों को एक साथ प्रधानमंत्री के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बैठक के बाद किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि कोई नेता या पार्टी महाविकास आघाड़ी छोड़ने जा रही है। राऊत ने कहा कि शरद पवार उनके लिए मार्गदर्शक हैं और उनकी पार्टी महाविकास आघाड़ी का अहम हिस्सा है। इसलिए प्रधानमंत्री के साथ सांसदों की मुलाकात को किसी राजनीतिक बदलाव या गठबंधन में टूट के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

Created On :   9 Aug 2026 10:16 PM IST

Tags

Next Story