संशोधित कार्यक्रम जारी: एलएलबी दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को राहत, 78 नए कॉलेज और 3600 सीटें जुड़ेंगी

एलएलबी दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को राहत, 78 नए कॉलेज और 3600 सीटें जुड़ेंगी
  • दाखिले के लिए नई समयसारिणी जारी
  • नए कॉलेज चुन सकते हैं विद्यार्थी

Mumbai News. विद्यार्थियों की मांग और बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब राज्य सामान्य प्रवेस परीक्षा (सीईटी) सेल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए तीन वर्षीय और पांच वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रमों की केंद्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया (सीएपी) का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। संशोधित कार्यक्रम के तहत प्रथम चरण के लिए कॉलेज विकल्प (ऑप्शन फॉर्म) भरने की अंतिम तिथि 9 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। साथ ही राज्यभर में 78 नए विधि महाविद्यालयों को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल किए जाने से 3,600 नई सीटें भी उपलब्ध हो गई हैं। सीईटी सेल के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही कॉलेज विकल्प भर दिए हैं, उन्हें भी अब अपने विकल्पों में संशोधन करने का अवसर दिया गया है। विद्यार्थी अपने लॉगिन के माध्यम से नए शामिल किए गए कॉलेजों को प्राथमिकता सूची में जोड़ सकते हैं या पहले से भरे गए विकल्पों में बदलाव कर सकते हैं। यह सुविधा भी 9 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तीन वर्षीय एलएलबी के प्रथम चरण की सीट आवंटन सूची 12 अगस्त को जारी होगी।

चयनित अभ्यर्थियों को 13 से 18 अगस्त (15 अगस्त को छोड़कर) संबंधित कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं पांच वर्षीय एकीकृत एलएलबी की सीट आवंटन सूची 13 अगस्त को प्रकाशित होगी और चयनित विद्यार्थियों को 14 से 19 अगस्त (15 अगस्त को छोड़कर) प्रवेश सुनिश्चित करना होगा। सीईटी सेल ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के समय तीन वर्षीय एलएलबी में 93 कॉलेजों में 10,105 सीटें उपलब्ध थीं। अब इसमें 41 नए कॉलेज जुड़ने से कुल संख्या 134 कॉलेज और सीटें बढ़कर 12,355 हो गई हैं। इसी प्रकार पांच वर्षीय एलएलबी में पहले 56 कॉलेजों में 5,955 सीटें थीं, जो अब 37 नए कॉलेज जुड़ने के बाद 93 कॉलेजों में 7,305 सीटें हो गई हैं। दोनों पाठ्यक्रमों को मिलाकर कुल 78 नए कॉलेज और 3,600 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध हुई हैं।

Created On :   7 Aug 2026 9:58 PM IST

Tags

Next Story