शोक: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व शिवसेना नेता मनोहर जोशी का दिल का दौरा पड़ने से निधन

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व शिवसेना नेता मनोहर जोशी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
  • दो दिन पूर्व पड़ा था दिल का दौरा
  • नगर पालिका से लेकर सांसद तक का चुनाव जीते
  • नौकरी के लिए मुंबई आए और यहीं बस गए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता मनोहर जोशी का शुक्रवार की सुबह 86 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। मनोहर जोशी साल 1995 से 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे।

मनोहर जोशी को बुधवार को हार्ट अटैक के बाद हिंदुजा अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया था शुक्रवार की सुबह 3 बजकर 2 मिनट पर उन्होंने आखिरी सांस ली। मनोहर जोशी लोकसभा स्पीकर भी रहे । उनका पार्थिव शरीर माटुंगा रूपारेल कॉलेज के पास स्थित उनके निवास पर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आखिरी दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर दो बजे के बाद दादर शमशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार होगा।

जोशी वर्ष 1995 से 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे और वह अविभाजित शिवसेना की ओर से राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता थे। वह सांसद भी रह चुके हैं और 2002 से 2004 तक केंद्र की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में लोकसभा अध्यक्ष के पद पर रहे थे। करीब 5 दशक तक राजनीति में सक्रिय रहने वाले मनोहर जोशी राज्य के मुख्यमंत्री भी रहे थे। उनका राजनीतिक जीवन मुंबई नगर निगम के पार्षद के रूप में शुरू हुआ था, जिसके बाद वह महापौर, विधान परिषद सदस्य, विधायक, लोकसभा और राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री तक बने।

मनोहर जोशी मूल रूप से बीड के रहने वाले थे। उनका जन्म 2 दिसंबर 1937 को रायगढ़ जिले के नंदवी गांव में एक मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ था। उनका पूरा नाम मनोहर गजानन जोशी है। मनोहर जोशी पढ़ाने के लिए मुंबई गए थे। उन्होंने मुंबई में अपनी शिक्षा पूरी की। बाद में उन्हें मुंबई नगर निगम में एक अधिकारी के रूप में नौकरी मिल गई, जिसके बाद वे मुंबई में ही बस गए। उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत शिवसेना के टिकट पर विधान पार्षद चुने जाने से हुई थी। वह 1972 से लेकर 1989 तक तीन बार विधान पार्षद निर्वाचित हुए।

मनोहर जोशी के निधन पर नितिन गडकरी ने जताया दुख : केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति का सभ्य चेहरा खो गया है। हमने एक ऐसा नेता खो दिया है जो बेहद विनम्र, महाराष्ट्र के साथ-साथ मराठी मानुष के प्रति भावुक था। गठबंधन सरकार के दौरान मुझे जोशीजी के नेतृत्व में काम करने का मौका मिला परिवार के मुखिया की तरह उनका सदैव मार्गदर्शन मिलता रहा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दे।

Created On :   23 Feb 2024 5:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story