प्याज भंडारण के लिए गोदाम बनाने अब मिलेगा मनरेगा से अनुदान

प्याज भंडारण के लिए गोदाम बनाने अब मिलेगा मनरेगा से अनुदान
  • 1 लाख 60 हजार 367 रुपए अनुदान
  • समूह खेती करने वाले किसान और महिला बचत समूह भी अनुदान के लिए पात्र
  • राज्य के मंत्री संदीपान भुमरे ने दी जानकारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई, वरिष्ठ संवाददाता। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण गारंटी (मनरेगा) के तहत प्याज भंडारण का गोदाम बनाने के लिए अब प्रति लाभार्थी 1 लाख 60 हजार 367 रुपए अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य में किसानों को व्यक्तिगत अथवा सामूहिक रूप से प्याज भंडारण गोदाम तैयार के लिए अनुदान मिल सकेगा। साथ ही समूह खेती करने वाले किसान और महिला बचत समूह भी अनुदान के लिए पात्र होंगे। शुक्रवार को प्रदेश के रोजगार गारंटी योजना मंत्री संदीपान भुमरे ने यह जानकारी दी। सरकार के नियोजन विभाग ने इस बारे में शासनादेश भी जारी किया है। भुमरे ने बताया कि प्याज भंडारण के गोदाम बनाने के लिए 4 लाख 58 हजार 730 रुपए लगते हैं। इसमें से मनरेगा के तहत 1 लाख 60 हजार 367 रुपए अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। जबकि 2 लाख 98 हजार 363 रुपए लाभार्थियों को जुटाना पड़ेगा। भुमरे ने कहा कि राज्य में पहले प्याज भंडारण के गोदाम बनाने के लिए मनरेगा की निधि उपलब्ध नहीं कराई आती थी। लेकिन प्याज का उत्पादन अधिक होने से कीमतों में गिरावट आती है। बाजार में प्याज की कीमतों में चढ़-उतार होता रहता है। भंडारण की उचित व्यवस्था न होने से 45 से 60 प्रतिशत तक प्याज का नुकसान हो सकता है। ऐसे में प्याज के निर्यात के लिए भंडारण क्षमता बढ़ाने की जरूरत है। इसलिए प्याज भंडारण के गोदाम तैयार करने के लिए अनुदान प्रदान किया जाएगा। भुमरे ने बताया कि राज्य में खरीफ और रबी फसल सीजन में प्याज की फसल का उत्पादन होता है। राज्य में लगभग 136.68 लाख मेट्रिक टन प्याज का उत्पादन होता है। राज्य में लगभग 9.45 लाख हेक्टर क्षेत्र में प्याज की बुवाई होती है।






Created On :   19 May 2023 3:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story