राहत की उम्मीद: फाइल ढूंढिए और किसानों को तुरंत पैसा दीजिए, सीएम के एक फोन कॉल के बाद भुगतान का रास्ता साफ

फाइल ढूंढिए और किसानों को तुरंत पैसा दीजिए, सीएम के एक फोन कॉल के बाद भुगतान का रास्ता साफ
  • किसानों के 3214 करोड़ के भुगतान का रास्ता साफ
  • सीएम के एक फोन कॉल के बाद बनी बात

Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही लगातार बैठकों और मुलाकातों के बीच अब किसानों के 3214 करोड़ रुपये के बकाये का मुद्दा अचानक चर्चा में आ गया है। मंत्री छगन भुजबल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। अब खुद भुजबल ने बताया है कि यह मुलाकात किसानों के भुगतान को लेकर हुई थी। पत्रकारों से बातचीत में भुजबल ने कहा कि धान और मक्का खरीद के हजारों करोड़ रुपये अब तक किसानों को नहीं मिले हैं। इस मुद्दे को लेकर कई विधायक लगातार सरकार से शिकायत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को भुगतान करना होता है और बाद में केंद्र सरकार से पैसा वापस मिलता है, लेकिन फाइलें विभागों में अटकी हुई थीं। भुजबल ने बताया कि उन्होंने पूरी स्थिति मुख्यमंत्री फडणवीस के सामने रखी। इसके बाद फडणवीस ने तुरंत अधिकारियों को फोन कर किसानों का भुगतान जल्द करने के निर्देश दिए। बकौल भुजबल मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को फोन कर कहा कि फाइल ढूंढिए और किसानों को तुरंत पैसा दीजिए। भुजबल के मुताबिक, धान और मक्का किसानों को कुल 3214 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है। इससे लंबे समय से अपने पैसे का इंतजार कर रहे हजारों किसानों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

Created On :   19 May 2026 10:42 PM IST

Tags

Next Story