बदलते घटनाक्रम: प्रशांत किशोर से मुलाकात पर पार्थ पवार की सफाई, आगे जरुरत पड़ने पर दोनों साथ खड़े रहेंगे

प्रशांत किशोर से मुलाकात पर पार्थ पवार की सफाई, आगे जरुरत पड़ने पर दोनों साथ खड़े रहेंगे
  • किशोर से मुलाकात के बाद अजित गुट से जुड़ने की थी चर्चा
  • पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं!

Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों कई घटनाक्रम तेजी से बदलते दिखाई दे रहे हैं। राजनीतिक चाल बनाने के चाणक्य माने जाने वाले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर को लेकर एक नई चर्चा ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी। दरअसल प्रशांत किशोर ने सोमवार को राकांपा (अजित) अध्यक्ष सुनेत्रा पवार और सांसद पार्थ पवार से मुलाकात की तो राजनीतिक गलियारों में उनके पार्टी से जुड़ने की चर्चाएं शुरू हो गई। लेकिन मंगलवार को पार्थ पवार ने साफ करते हुआ कहा कि प्रशांत हमारे अच्छे मित्र हैं और परिवार के सदस्य जैसे हैं। लेकिन उन्होंने पिछले कुछ समय से राजनीतिक सलाहकार की भूमिका से खुद को अलग कर लिया है। फिलहाल मुझे इसमें किसी बदलाव की संभावना नहीं दिखती। लेकिन इतना जरूर कह सकता हूं कि हम एक-दूसरे के लिए पहले भी हमेशा उपलब्ध रहे हैं और आगे भी जरूरत पड़ने पर साथ खड़े रहेंगे।

पार्थ पवार ने क्या कहा

पार्थ ने कहा कि प्रशांत सोमवार को मुंबई में थे, इसलिए हमें उन्हें घर पर दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित करने और कई महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा करने का अवसर मिला। जहां तक उनके राकांपा (अजित) के साथ काम करने की अटकलों का सवाल है, मैं स्थिति पूरी तरह स्पष्ट करना चाहता हूं। मेरी जानकारी के अनुसार, उन्होंने कुछ वर्ष पहले ही राजनीतिक सलाहकार की भूमिका से खुद को अलग कर लिया है। फिलहाल मुझे इसमें किसी बदलाव की संभावना नहीं दिखती।लेकिन इतना जरूर कह सकता हूं कि हम एक-दूसरे के लिए पहले भी हमेशा उपलब्ध रहे हैं और आगे भी जरूरत पड़ने पर साथ खड़े रहेंगे।

पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं?

अजित गुट की राकांपा में पिछले कुछ समय से अंदरूनी नाराजगी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। वरिष्ठ नेताओं के असंतोष की चर्चा राजनीतिक हलकों में बनी हुई है। वहीं दोनों गुटों के नेताओं के बीच संवाद बढ़ने की भी जानकारी सामने आ रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी संगठन को फिर से मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में भरोसा पैदा करने के लिए अब नई रणनीति की जरूरत महसूस की जा रही है। गौरतलब है कि अजित गुट ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में उनके लिए कैंपेन करने वाली कंपनी डिजाइन बॉक्स के साथ करार खत्म कर दिया है।

Created On :   19 May 2026 10:28 PM IST

Tags

Next Story