मुख्यमंत्री फेलोशिप: युवाओं को मिल सकता है मुख्यमंत्री कार्यालय में काम करने का मौका, हर महीने मिलेगा 61,500 रुपए का मानधन

युवाओं को मिल सकता है मुख्यमंत्री कार्यालय में काम करने का मौका, हर महीने मिलेगा 61,500 रुपए का मानधन
  • हर महीने मिलेगा 61,500 रुपए का मानधन
  • युवाओं को मिलेगा प्रशासनिक अनुभव
  • प्रशासनिक व्यवस्था से जोड़ने की पहल

Mumbai News. राज्य सरकार ने युवाओं को प्रशासनिक व्यवस्था से जोड़ने और शासन में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम 2026 की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस योजना के तहत युवाओं को सरकार के विभिन्न विभागों के साथ-साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में भी काम करने का अवसर मिलेगा। चयनित फेलो को प्रतिमाह 61 हजार 500 रुपए का मानधन दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि युवाओं के नवाचारपूर्ण विचार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी और तेज बनाने में सहायक साबित होंगे। तकनीकी दक्षता और नई सोच के माध्यम से फेलो शासन व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगे।

युवाओं को मिलेगा प्रशासनिक अनुभव

मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम के तहत चयनित युवाओं को जिलाधिकारी कार्यालय और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के कार्यालयों में नियुक्त किया जाएगा। फेलो संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे। इस दौरान उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली, नीति निर्माण और फील्ड वर्क का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।इसके साथ ही फेलो को आईआईटी बॉम्बे द्वारा डिजाइन किया गया विशेष अकादमिक कोर्स भी पूरा करना होगा। फील्ड वर्क और अकादमिक पाठ्यक्रम दोनों सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को फेलोशिप पूर्णता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

कौन कर सकता है आवेदन

मुख्यमंत्री फेलोशिप 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए उम्मीदवार की आयु 8 मई 2026 को 21 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही 8 मई 2000 से 8 मई 2005 के बीच जन्मे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। किसी भी विषय में न्यूनतम 60 फीसदी अंकों के साथ स्नातक होना अनिवार्य है। उम्मीदवार को मराठी भाषा लिखना, पढ़ना और बोलना आना चाहिए। हिंदी और अंग्रेजी का भी पर्याप्त ज्ञान आवश्यक होगा। इंटरनेट और कंप्यूटर चलाने की जानकारी भी जरुरी होगी। फेलोशिप की अवधि 12 महीने की होगी।

Created On :   19 May 2026 10:50 PM IST

Tags

Next Story