- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- स्मार्ट खेती के गुर सीखने के लिए...
Mumbai News: स्मार्ट खेती के गुर सीखने के लिए कृषि विभाग के 12 अधिकारी जाएंगे नीदरलैंड

- 23 दिनों तक स्थानीय यूनिवर्सिटी से लेंगे प्रशिक्षण
- राज्य कृषि विभाग के 12 अधिकारी नीदरलैंड दौरे पर जाएंगे
Mumbai News. महाराष्ट्र में किसानों को स्मार्ट खेती से जोड़ने और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य कृषि विभाग के अंतर्गत आने वाले बालासाहेब ठाकरे कृषि व्यवसाय व ग्रामीण परिवर्तन (स्मार्ट) प्रकल्प के 12 वरिष्ठ अधिकारी 23 दिनों के नीदरलैंड दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य नीदरलैंड की अत्याधुनिक स्मार्ट खेती प्रणाली का प्रशिक्षण लेना और उसे महाराष्ट्र के किसानों के बीच लागू करना है। कृषि विभाग के एक अधिकारी के अनुसार अधिकारियों का यह दौरा 13 सितंबर से शुरू हो रहा है जो 5 अक्टूबर तक चलेगा।
कृषि विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दौरा राज्य में कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। स्मार्ट प्रकल्प का नीदरलैंड के वीएचएल विश्वविद्यालय से करार हुआ है जिसके चलते अधिकारी कृषि का ज्ञान और तकनीकों को सीख कर उसे महाराष्ट्र के किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा। जिससे उनकी उपज और आय दोनों में वृद्धि हो सकेगी। इस अधिकारी ने यह भी कहा कि इस दौरे से लौटकर अधिकारी राज्य के विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम और वर्कशॉप आयोजित कर किसानों को इन आधुनिक तकनीकों के बारे में अवगत कराएंगे। राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से कृषि उत्पादन में गुणात्मक सुधार आएगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी, जिससे ‘डबल इनकम’ जैसे लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।
स्मार्ट प्रकल्प और वीएचएल विश्वविद्यालय के बीच हुए करार के तहत पिछले वर्ष जून महीने में बारामती में कृषि अधिकारियों की वर्कशॉप आयोजित हो चुकी है। अब दूसरे चरण में अधिकारियों का एक ग्रुप नीदरलैंड जा रहा है। इस दौरे का खर्च स्मार्ट प्रकल्प के तहत ही वहन किया जाएगा। इस दौरे को सरकार की अनुमति मिल चुकी है। जो अधिकारी इस दौरे पर जा रहे हैं उन्हें राज्य के स्मार्ट प्रकल्प की अलग-अलग यूनिट से चुना गया है।
Created On :   11 Sept 2025 10:02 PM IST