- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- विदेश से लौटने के बाद उद्धव ठाकरे...
Mumbai News: विदेश से लौटने के बाद उद्धव ठाकरे आगामी स्थानीय चुनावों की तैयारियों में जुटे

- ठाकरे ने जिले वार बड़े नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी
- आगामी स्थानीय चुनावों की तैयारियों में जुटे
Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे विदेश यात्रा से लौटते ही महाराष्ट्र में होने वाले आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों में जुट गए हैं। ठाकरे ने इन चुनावों के मद्देनजर पार्टी के बड़े नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही उन्होंने नियुक्त नेताओं को आगामी 19 जून तक जिलों की रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए हैं। जिन नेताओं को जिलों की जिम्मेदारी दी गई है उनमें सांसद, पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व विधायक शामिल हैं।
ऐसे होगा शिवसेना (उद्धव) का संगठन मजबूत?
शिवसेना (उद्धव) के वरिष्ठ नेता के अनुसार पार्टी ने जिन नेताओं को राज्य के जिलों की जिम्मेदारी दी है, उनको वर्ष 2012 एवं 2017 में नगर निगम निर्वाचन क्षेत्रों की स्थिति प्रस्तुत करने का आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही शहर या ग्रामीण स्तर पर 10 लोगों की एक टीम तैयारियों का जायजा लेगी। जिसमें शहर में एक नगर प्रमुख, एक उपनगर प्रमुख, एक वार्ड प्रमुख, एक शाखा प्रमुख, उप-शाखा प्रमुख और 10 लोग शामिल होंगे। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में एक तालुका प्रमुख, उप-तालुका प्रमुख, गांव स्तर पर एक शाखा प्रमुख, एक बूथ प्रमुख और 10 लोगों की एक टीम बनाई जाएगी। इस संगठनात्मक ढांचे को पूरा करने के बाद जिन वार्डों या निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ा जाना है, इसकी रिपोर्ट और जानकारी 19 जून तक पार्टी कार्यालय में जमा करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही पार्टी के नेताओं को राज्य का दौरा करने के आदेश भी दिए गए हैं।
इनको मिली है जिम्मेदारी
1. ठाणे, नवी मुंबई, मीरा-भायंदर - सुभाष देसाई, राजन विचारे
2. पुणे, पिंपरी चिंचवड़, नासिक, मालेगांव, जलगांव शहर- संजय राऊत
3. धुलिया, अहिल्यानगर - अनिल परब, संजय राऊत
4. कल्याण-डोंबिवली - अनिल परब
5. उल्हासनगर, पनवेल शहर - अनंत गीते
6. अमरावती, अकोला - अरविंद सावंत
7. नागपुर, चंद्रपुर - भास्कर जाधव
8. वसई - विरार शहर, भिवंडी निजामपुर शहर - विनायक राऊत
9. छत्रपति संभाजीनगर - चंद्रकांत खैरे, अनिल देसाई, अंबादास दानवे
10. लातूर, सोलापुर - चंद्रकांत खैरे
11. परभणी, जालना, नांदेड़-वाघाला शहर - अंबादास दानवे
12. कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली, मिराज और कुपवाड - सुनील प्रभु
Created On :   18 May 2025 8:15 PM IST