- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अब मुंबई पर होगी 11 हजार से ज़्यादा...
Mumbai News: अब मुंबई पर होगी 11 हजार से ज़्यादा सीसीटीवी कैमरों की नजर, सुरक्षा नेटवर्क का विस्तार

Mumbai News. आतंकवादी हमलों और आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए मुंबई महानगर में सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत 11,377 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनमें से 10,491 कैमरे लग चुके हैं। बाकी 866 सीसीटीवी कैमरे भी जल्द ही लगा दिए जाएंगे। इनके रखरखाव, मरम्मत और हार्डवेयर बदलने के लिए राज्य सरकार ने 2,140.90 करोड़ रुपये के खर्च को मंज़ूरी दी है। यह कार्य एल एंड टी कंपनी को सौंपा गया है।
26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले में सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी। महानगर कई बार पर आतंकवादी हमलों का शिकार हो चुका है। अपराधियों पर नज़र रखने में सीसीटीवी कैमरे अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को सीसीटीवी कैमरे से लैस करने पर सरकार का खास ध्यान है। मुंबई आतंकी हमले के बाद गठित राम प्रधान समिति की सिफारिशों के बाद मुंबई में सीसीटीवी कैमरे लगाने में तेजी आई थी। महानगर में कुल 11,377 कैमरे लगाए जाएंगे, जिनमें से 10,491 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं।
इसलिए ज़रूरी हैं सीसीटीवी कैमरे!
- • नई तकनीक का उपयोग करके अपराधों की जांच, यातायात प्रबंधन और ई-चालान के माध्यम से मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई हेतु एक प्रणाली विकसित करने हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
- • सामान्य निगरानी क्षमता बढ़ाने के लिए कोस्टल रोड सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे।
- • सार्वजनिक स्थानों पर चेहरे की पहचान करने वाले कैमरा (फेस रिकॉग्निशन) तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।
- • भीड़-भाड़ वाले स्थानों और सीसीटीवी निगरानी क्षेत्र (ब्लाइंड स्पॉट) के बाहर वाले इलाके में आवश्यकतानुसार फेस रिकॉग्निशन प्रणाली वाले मोबाइल सर्विलांस पोल का उपयोग करके निगरानी क्षमताओं को बढ़ाया जाएगा।
Created On :   25 Sept 2025 8:57 PM IST