- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई मनपा के वार्ड गठन की अधिसूचना...
Mumbai News: मुंबई मनपा के वार्ड गठन की अधिसूचना 4 सितंबर तक होगी प्रकाशित, जारी हुआ टाइम-टेबल

- राज्य सरकार ने निकाय चुनाव के लिए जारी किया टाइम-टेबल
- वार्ड गठन की अधिसूचना 4 सितंबर तक होगी प्रकाशित
Mumbai News. प्रदेश सरकार ने मुंबई समेत सभी 29 महानगर पालिकाओं, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव के लिए वार्ड गठन (प्रभाग रचना) का काम पूरा करने के लिए टाइम-टेबल जारी कर दिया है। इससे अनुसार सभी स्थानीय निकायों को वार्ड गठन की प्रकिया को चरण बद्ध तरीके से पूरा करना होगा। इसके तहत मुंबई मनपा सहित राज्य की अ, ब और क वर्ग की 10 महानगर पालिकाओं के अंतिम वार्ड गठन की अधिसूचना 29 अगस्त से 4 सितंबर 2025 के बीच प्रकाशित की जाएगी। जबकि ड वर्ग की 19 महानगर पालिकाओं के अंतिम वार्ड गठन की अधिसूचना 22 अगस्त से 1 सितंबर 2025 के बीच जारी की जाएगी। राज्य चुनाव आयोग की ओर से यह अधिसूचना प्रकाशित की जाएगी। गुरुवार को राज्य के नगर विकास विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। जिसके जरिए सभी जिलाधिकारियों, महानगर पालिका आयुक्तों और नगर परिषद व नगर पंचायत के मुख्याधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। राज्य के नगर परिषद और नगर पंचायतों के वार्ड गठन की अधिसूचना 22 अगस्त से 1 सितंबर 2025 के बीच प्रकाशित की जाएगी। वार्ड गठन के लिए अधिसूचना जारी जाने के बाद राज्य चुनाव आयोग की ओर से स्थानीय निकायों के वार्डों के आरक्षण तय किए जाएंगे। इसके बाद वार्डों के आरक्षण के लिए सुझाव और आपत्तियां मंगाई जाएंगी। फिर वार्ड वार मतदाता सूची को विभाजित किया जाएगा। इसके बाद राज्य चुनाव आयोग की ओर निकाय चुनाव के लिए मतदान के तारीख की घोषणा की जाएगी। राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वार्ड गठन करने का अधिकार प्रदेश सरकार के पास है। इसके मद्देनजर सरकार के नगर विकास विभाग ने गत 10 जून को मुंबई मनपा समेत सभी निकायों में वार्ड गठन का काम शुरू करने के लिए आदेश जारी किया था।
वर्गवार मनपा
अ वर्ग मनपा - पुणे, नागपुर
ब वर्ग मनपा - ठाणे, नाशिक, पिंपरी-चिंचवड
क वर्ग मनपा- नवी मुंबई, वसई-विरार, छत्रपति संभाजीनगर, कल्याण-डोंबिवली
ड वर्ग मनपा - मीरा-भायंदर, पनवेल, उल्हासनगर, भिवंडी-निजामपुर, अकोला, अमरावती समेत अन्य
Created On :   12 Jun 2025 10:28 PM IST