Mumbai News: मुंबई उपनगर में गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या घटी, आशीष शेलार ने दी जानकारी

मुंबई उपनगर में गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या घटी, आशीष शेलार ने दी जानकारी
  • पालक मंत्री आशीष शेलार ने दी जानकारी
  • आदिवासियों का होगा सर्वे
  • उपनगर में गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या घटी

Mumbai News. मुंबई उपनगर में गंभीर रूप से कुपोषण ग्रस्त बच्चों की संख्या में गिरावट आई है। लगभग 800 बच्चे गंभीर कुपोषण के दायरे से बाहर आए हैं। राज्य के सूचना व प्रौद्योगिकी मंत्री तथा मुंबई उपनगर के पालक मंत्री आशीष शेलार ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को शेलार ने मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी कार्यालय में कुपोषण की स्थिति के बारे में समीक्षा बैठक की। पत्रकारों से बातचीत में शेलार ने कहा कि मुझे मुंबई उपनगर में कुपोषणग्रस्त बच्चों के आंकड़ों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद मैंने बीते अप्रैल में बैठक लेकर संबंधित विभाग के अफसरों को उचित कदम उठाने के निर्देश दिए थे। अब आंकड़ों के अनुसार मुंबई उपनगर में लगभग 800 गंभीर कुपोषणग्रस्त बच्चे कम हुए हैं। इससे पहले बीते फरवरी में राज्य स्तरीय अध्ययन में कुपोषण से शिकार बच्चों की जानकारी सामने आई थी। जिसमें मुंबई शहर में औसतन 8 प्रतिशत से ज्यादा बच्चे मध्यम अथवा गंभीर स्तर के कुपोषण से ग्रसित थे। जबकि मुंबई उपनगर में 6.96 प्रतिशत बच्चे गंभीर अथवा मध्यम स्तर के कुपोषण से जूझ रहे थे। मुंबई उपनगर के 2 लाख 34 हजार 896 बच्चों की शारीरिक स्थिति की जांच की गई थी। जिनमें से 2887 (1.23 फीसदी) बच्चे गंभीर और 13457 (5.73 फीसदी) बच्चे मध्यम स्तर के कुपोषण के शिकार पाए गए थे।

आदिवासियों का होगा सर्वे

मुंबई उपनगर में रहने वाले आदिवासियों का सर्वे होगा। मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी कार्यालय में हुई बैठक के दौरान राज्य के आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके ने इस बारे में निर्देश दिए हैं। बैठक के बाद मुंबई उपनगर के पालक मंत्री शेलार ने कहा कि लगभग 30 हजार आदिवासियों को वन अधिकार जमीन, रोजगार, औद्योगिक प्रशिक्षण व व्यवसाय और प्रधानमंत्री जनधन योजना (आभा) योजना का लाभ मिल रहा है। लेकिन मुंबई उपनगर के सभी आदिवासियों का सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पता चल सकेगा कि मुंबई उपनगर में आदिवासियों की वास्तविक संख्या कितनी है। इसके आधार पर केंद्र सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आदिवासियों को प्रभावी रूप से मिल सकेगा।

Created On :   2 May 2025 9:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story