- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- विजन डॉक्यूमेंट में जनता की...
Mumbai News: विजन डॉक्यूमेंट में जनता की परिकल्पनाएं प्रतिबिंबित हों, वाट्सएप पर उपलब्ध कराएं आपले सरकार पोर्टल की सेवाएं

- राज्य में चार लाख नागरिकों ने दिए सुझाव
- विजन डॉक्यूमेंट में जनता की परिकल्पनाएं प्रतिबिंबित हों,
- राज्य में 1001 में 997 नागरिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध
Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र 2047 विजन डॉक्यूमेंट में जनता की परिकल्पनाएं प्रतिबिंबित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विजन डॉक्यूमेंट के लिए राज्य में चार लाख से अधिक नागरिकों ने सुझाव और परिकल्पनाएं दी हैं। इसलिए विजन डॉक्यूमेंट में जनता के सुझावों को शामिल किया जाए। सोमवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वाली बैठक में विकसित महाराष्ट्र 2047 के विजन डॉक्यूमेंट का प्रारूप का प्रस्तुतिकरण किया गया। राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में हुई बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और प्रदेश के वित्त राज्य मंत्री आशीष जयस्वाल और मुख्य सचिव राजेश कुमार उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की परिकल्पना के अनुरूप ‘विकसित महाराष्ट्र 2047’ के लिए विजन डॉक्यूमेंट बनाया जा रहा है। इसमें राज्य के लिए दीर्घकालीन, मध्यमकालीन और अल्पकालीन तीन स्तर पर लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विजन डॉक्यूमेंट का प्रारूप 16 विषयों पर आधारित होगा। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने ‘स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र - ‘विकसित भारत @2047’ बनाने का संकल्प लिया है। इसी परिकल्पना के तर्ज पर राज्य को विकसित बनाने के लिए 2047 विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है।
वाट्सएप पर उपलब्ध कराएं आपले सरकार पोर्टल की सेवाएं - मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से नागरिकों को आपले सरकार पोर्टल के माध्यम से प्रदान की जाने वाली सेवाओं को अब वाट्सएप पर भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आपले सरकार पोर्टल पर अभी राज्य में 1001 सेवाएं दी जाएंगी। जिसमें से 997 सेवाएं आपले सरकार पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई हैं। इसमें से पिछले 15 दिनों में आपले सरकार पोर्टल पर 236 सेवाएं शुरू की गई हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री ने सरकार के विभिन्न विभागों की सेवाएं ऑनलाइन करने के बारे में बैठक की। इसमें राज्य के मुख्य सचिव राजेश कुमार, राज्य सेवा अधिकार आयोग के आयुक्त मनुकुमार श्रीवास्तव, मुंबई मनपा आयुक्त भूषण गगराणी, योजना (नियोजन) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजगोपाल देवरा, सूचना व प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव पराग जैन- नैनुटीया और महाआईटी के प्रबंध निदेशक संजय काटकर मौजूद थे।
तहसीलों का क्लस्टर होगा तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपले सरकार पोर्टल की सेवाएं उचित और जरूरत के अनुसार उपलब्ध कराने के लिए सभी तहसीलों में एक रिंग और क्लस्टर प्रणाली लागू करें। रिंग में तहसील के 10 से 12 गांवों का समावेश करके आवश्यकता के अनुसार सेवाएं उपलब्ध कराएं। रिंग के के लिए स्वतंत्र समूह और प्रबंधन टीम तैयार करें। सेवाएं आपूर्ति करने के लिए डिश डिजिटल सेवा हब का उपयोग किया जाए।
मुंबई मनपा की 9 सेवाएं एकत्रित करें
मुख्यमंत्री ने मुंबई मनपा को एक ही तरह की 9 सेवाएं एकत्रित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता की जांच बाहरी संस्थाओं के माध्यम से कराएं। फडणवीस ने कहा कि सभी जिला परिषद, मनपा और विश्वविद्यालयों का डैशबोर्ड एक समान बनाएं। इससे नागरिकों को आसानी से सुविधाएं मिल सकेंगी।
मल्टी-मॉडल प्रणाली का होगा इस्तेमाल
बैठक में राज्य मुख्य सचिव कुमार ने सभी सेवाओं की अपील सुविधा प्रदान करने और प्रमाणपत्र वितरण के लिए मल्टी-मॉडल प्रणाली (ईमेल, पोर्टल और वाट्सएप) का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया।
Created On :   25 Aug 2025 9:56 PM IST